Bigg Boss 20 Episode 37 Update: ‘बिग बॉस 20’ में वीकेंड का वार के बाद घर का माहौल काफी बदल गया। नए एपिसोड में राशन और खाने को लेकर घरवालों के बीच खूब बहस देखने को मिली। घर में वाइल्ड कार्ड एंट्री बनकर आए नकुल ढुल ने अपने मजाकिया अंदाज से अमन गांधी को नाराज कर दिया। वहीं अरिश्फा खान और कनिका मान के बीच घी के इस्तेमाल को लेकर बहस हो गई। इसके अलावा, कैप्टन आसिफ खान ने अपनी विशेष शक्ति का इस्तेमाल करते हुए माही विज को सीधे नॉमिनेट कर दिया।
नकुल धुल के मजाक से नाराज हुए अमन गांधी
एपिसोड की शुरुआत देर रात घरवालों के बीच बातचीत से हुई। इस दौरान नकुल ढुल, स्काउट ओपी और अमन गांधी के बीच बातचीत हो रही थी, तभी नकुल के एक मजाक से अमन नाराज हो गए। उन्होंने अरिश्फा खान और उदिति सिंह को भी बताया कि उन्हें नकुल की क्या बात पसंद नहीं आई।
स्काउट को इस बात पर आपत्ति थी कि लड़कियां लड़कों की बातचीत में क्यों शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़कों के बीच की बात है। इस पर उदिति ने जवाब दिया कि स्काउट यह फैसला नहीं कर सकते कि बातचीत में कौन शामिल होगा और कौन नहीं।
वहीं, अमन ने कहा कि नकुल के मजाक से उन्हें बुरा लगा और वह असहज महसूस करने लगे थे। उन्होंने कहा कि अगर किसी लड़की के साथ ऐसा होता, तो सभी उसकी परेशानी समझते। इसी तरह लड़कों की भावनाओं और परेशानी को भी समझना चाहिए। आखिर में घरवालों ने नकुल को सलाह दी कि वह अमन के साथ ऐसे मजाक न करें, क्योंकि उन्हें यह पसंद नहीं है।
घी को लेकर अरिश्फा खान और कनिका मान में झगड़ा
सुबह होते ही घर में राशन को लेकर नया विवाद शुरू हो गया। अरिश्फा खान ने कनिका मान के ज्यादा घी इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए। उनका मानना था कि इससे दूसरे घरवालों के साथ नाइंसाफी हो रही है।
इस बीच नकुल ढुल के सुझाव पर अरिश्फा ने घी का डिब्बा अपने पास रखने का फैसला किया। उनके इस कदम से घर के बाकी सदस्य परेशान हो गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कनिका मान और माही विज ने नकुल पर अरिश्फा को भड़काने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20: काजी तौकीर-अरिजीत सिंह का आएगा गाना, भाई ने दिया अपकमिंग प्रोजेक्ट पर अपडेट
माही विज ने आम्रपाली दुबे से रिश्तों पर की बात
एपिसोड में तनाव के बीच माही विज और आम्रपाली दुबे के बीच निजी जिंदगी को लेकर बातचीत भी हुई। माही ने अमरपाली से पूछा कि उनका बॉयफ्रेंड क्यों नहीं है। उन्होंने मजाक में कहा कि अब वजन कम होने के बाद उन्हें आसानी से पार्टनर मिल सकता है।
इस पर आम्रपाली ने बताया कि जब उनका वजन ज्यादा था, तब भी कई पुरुष उनमें दिलचस्पी रखते थे, लेकिन उन्होंने किसी को अपना बॉयफ्रेंड नहीं बनाया। इसके बाद माही ने उनसे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में किसी को पसंद करने के बारे में पूछा।
आम्रपाली ने बताया कि ज्यादातर कलाकार शादीशुदा हैं। इस बातचीत में आम्रपाली ने रिश्तों को लेकर अपनी पसंद और निजी जिंदगी से जुड़े विचार साझा किए।
चिकन के एक टुकड़े को लेकर माही विज नाराज
घर में खाने को लेकर एक और बहस देखने को मिली। माही विज ने चिकन का एक और टुकड़ा मांगा। उस समय कैप्टन आसिफ खान सभी को खाना बांट रहे थे। उन्होंने सभी को बराबर चिकन दिया और माही को एक टुकड़े के साथ थोड़ी करी भी दी।
लेकिन माही इससे खुश नहीं हुईं। उन्होंने आसिफ के तरीके पर नाराजगी जताई और उन्हें ‘चिंदीगिरी’ करने वाला कहा। माही का मानना था कि खाने के मामले में सभी को थोड़ा और समझदारी से काम लेना चाहिए। इस दौरान कनिका मान और काजी तौकीर ने माही को समझाने की कोशिश की।
‘बीबी गजब बेइज्जती जोन’ टास्क में माही विज नॉमिनेट
एपिसोड के अंत में बिग बॉस ने ‘बीबी गजब बेइज्जती जोन’ नाम के नए नॉमिनेशन टास्क की घोषणा की। इस टास्क के तहत घरवालों को अपने रिश्तों और आपसी मतभेदों के आधार पर नॉमिनेशन का सामना करना होगा।
आसिफ ने माही विज को किया नॉमिनेट
कैप्टन आसिफ खान को एक सदस्य को सीधे नॉमिनेट करने की विशेष अधिकार मिला। उन्होंने इस अधिकार का इस्तेमाल करते हुए माही विज का नाम चुना। टास्क में एक और ट्विस्ट रखा गया, जिसके तहत एक से ज्यादा सदस्य किसी एक कंटेस्टेंट को नॉमिनेट कर सकते हैं। किसी भी सदस्य के खिलाफ नॉमिनेशन की संख्या की कोई सीमा नहीं रखी गई।
