Bigg Boss 20 Eviction: बिग बॉस के घर में एक और कंटेस्टेंट का सफर खत्म हो गया है। इस वीकेंड का वार में आसिफ खान शो से बाहर हो गए। इस हफ्ते आसिफ के साथ-साथ, उदिति सिंह, अरिश्फा खान, स्काउट ओपी, आम्रपाली दुबे और कनिका मान नॉमिनेटेड थे, लेकिन आसिफ का सफर इस शो में खत्म हो गया।

सलमान खान ने उनके गेम की तारीफ करते हुए उन्हें बताया कि इस शो में उनका सफर यहीं तक था। अपनी बिग बॉस की जर्नी खत्म होने की बात सुन आसिफ इमोशनल नजर आए। इसके अलावा उनके जाने से स्काउट और यंग भी रोते नजर आए। आम्रपाली दुबे, लव गिल और अरिश्फा भी इस दौरान भावुद दिखीं। बिग बॉस से जाते-जाते आसिफ ने कहा कि वो आखिरी बार इस घर में BB News पढ़ना चाहते हैं। शो को अलविदा कहते हुए आसिफ के आंसू छलक गए।

‘बिग बॉस 20’ में आसिफ के आठ हफ्तों के सफर के दौरान उन्होंने अपने एक्टिंग करियर से लेकर जीवन के संघर्ष और उतार-चढ़ाव के बारे में बात की। शो में उनका इमोशनल साइड देखने को मिला, साथ ही उनके गुस्सैल स्वभाव ने भी खूब सुर्खियां बटोरी।

हाल ही में काजी तौकीर के साथ उनकी तीखी बहस ने भी सुर्खियां बटोरीं। इस दौरान आसिफ काजी को सिर से टक्कर मारने की धमकी देते नजर आए। दरअसल, नॉमिनेशन टास्क के दौरान काजी ने हार्ट अटैक आने को लेकर एक टिप्पणी की थी। उनकी इस बात पर आसिफ भड़क गए थे।

माही विज के खेल पर कनिका ने उठाये सवाल

इसके अलावा ‘बिग बॉस 20’ के लेटेस्ट एपिसोड में कनिका मान माही विज के गेमप्ले पर सवाल उठाती नजर आईं। घर में बातचीत के दौरान कनिका ने माही विज के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। कनिका ने माही को फेक बताते हुए कहा कि वह रियलिटी शो जीतने के अलावा किसी और चीज के बारे में नहीं सोचती हैं।