फेस्टिव सीजन से पहले जियोस्टार ने अपने सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पहली बार हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला समेत छह भाषाओं में बिग बॉस के नए सीजन एक साथ शुरू किए जाएंगे।
इन सभी का प्रसारण सितंबर 2026 से जियोस्टार के टीवी नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर होगा। पहली बार देशभर के दर्शक एक ही समय पर अपनी-अपनी भाषा में बिग बॉस का मजा ले सकेंगे।
इस बार भी हिंदी बिग बॉस को सलमान खान, तमिल संस्करण को विजय सेतुपति, तेलुगु को नागार्जुन, कन्नड़ को किच्चा सुदीप और मलयालम को मोहनलाल होस्ट करेंगे। वहीं, सबसे खास बात यह है कि पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली पहली बार बांग्ला बिग बॉस के होस्ट बनेंगे।
इस मौके पर जियोस्टार ने ‘इंडियाज बिग रिएलिटी’ नाम की एक कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की है। इसमें बिग बॉस के पिछले 20 साल के सफर, उसकी लोकप्रियता और लोगों पर पड़े असर को आंकड़ों के साथ दिखाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में बिग बॉस को 50 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा। शो को कुल 438 बिलियन (438 अरब) से ज्यादा व्यूइंग मिनट्स मिले और छह भाषाओं में इसकी दर्शकों की भागीदारी (एंगेजमेंट) में 47 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 625 से ज्यादा ब्रांड्स ने बिग बॉस के जरिए अपने प्रोडक्ट्स का प्रचार किया। वहीं, जियोहॉटस्टार पर हर 10 में से 6 दर्शक बिग बॉस की 24 घंटे लाइव फीड देखते हैं, जिससे साफ है कि लोग शो से लगातार जुड़े रहते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘बिग बॉस’ जैसा ड्रामा, भोजपुरी का तड़का; पवन सिंह और निरहुआ के शो ‘भोजपुरी बवाल’ की पहली झलक रिलीज
कॉफी टेबल बुक में बताया गया है कि बिग बॉस अब सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं रहा, बल्कि कंपनियों के लिए अपने प्रोडक्ट्स और ब्रांड को लोगों तक पहुंचाने का बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है। शो में अलग-अलग टास्क और एक्टिविटी के जरिए ब्रांड्स को दर्शकों से जुड़ने का मौका मिलता है।
जियोस्टार के हेड-एंटरटेनमेंट सेल्स (टीवी) महेश शेट्टी ने कहा कि पिछले 20 साल में बिग बॉस लगातार बदलता और बड़ा होता गया है। छह भाषाओं में एक साथ लॉन्च होना इस फ्रेंचाइजी का अब तक का सबसे बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह कॉफी टेबल बुक बिग बॉस के सफर और उसकी सफलता की पूरी कहानी बताती है।
वहीं, हेड-एंटरटेनमेंट सेल्स (डिजिटल) भास्कर रमेश ने कहा कि त्योहारों के दौरान जब लोगों का ध्यान कई चीजों में बंटा रहता है, तब भी बिग बॉस करोड़ों दर्शकों को एक साथ जोड़ने में सफल रहता है। 24×7 लाइव फीड, अरबों वोट और लाखों लाइव चैट्स इसकी लोकप्रियता को साबित करते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में बिग बॉस को 9.32 अरब से ज्यादा वोट मिले, जबकि 4.3 करोड़ लाइव चैट्स हुईं। इसके अलावा शो से जुड़े 1.7 अरब से ज्यादा सोशल मीडिया इंटरैक्शन और 3 करोड़ से ज्यादा मीम्स भी बनाए गए।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि हिंदी भाषी राज्यों में बिग बॉस को 20 करोड़ से ज्यादा लोग देखते हैं, जबकि दक्षिण भारत में इसकी पहुंच 30 करोड़ से अधिक दर्शकों तक है। दक्षिण भारत में हर 10 में से 8 टीवी दर्शक बिग बॉस देखते हैं। वहां इस शो की पहुंच बाकी सभी रियलिटी शोज़ की कुल पहुंच से 3.5 गुना ज्यादा है।
