‘बिग बॉस 13’ फेम और पंजाबी एक्ट्रेस-सिंगर हिमांशी खुराना से जुड़ी एक खबर सामने आई है। सिंगर ने मोहाली पुलिस में यह शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें विदेश में रहने वाले एक गैंगस्टर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिली है। इस बारे में बात करते हुए मोहाली पुलिस ने बताया कि उन्होंने एक्ट्रेस से मिली शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस ने इन धाराओं के तहत दर्ज की एफआईआर

पुलिस ने बताया कि हिमांशी खुराना ने अपनी ईमेल आईडी पर मिले एक्सटॉर्शन ईमेल के बारे में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए शनिवार को सोहना पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) (रंगदारी) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें: ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बीच क्यों मुंबई से चले गए थे सनी देओल, ‘धुरंधर’ के डायलॉग पर किया रिएक्ट

पुलिस सुपरिटेंडेंट (इन्वेस्टिगेशन) सौरव जिंदल ने कहा, “शिकायत के मुताबिक ईमेल में एक वॉइस नोट था, जिसे कथित तौर पर एक विदेशी गैंगस्टर ने भेजा था और उसमें 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।” फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसमें वह ईमेल और वॉइस मैसेज के ओरिजिन का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस ने आगे कहा कि कानून के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि हिमांशी खुराना एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने कई पंजाबी फिल्मों में काम किया। इसके अलावा वह कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आईं। हिमांशी ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के 13वें सीजन में भी हिस्सा लिया था, जिसके विनर सिद्धार्थ शुक्ला थे।

बता दें कि पिछले महीने पंजाबी सिंगर दिलनूर ने मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें एक कॉल आया, जिसमें पॉपुलर सिंगर बी प्राक को धमकी दी गई और उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। सिर्फ पंजाबी ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड में भी कई सितारों को व्हाट्सऐप और ईमेल पर धमकी मिली। इसमें आयुष शर्मा और रणवीर सिंह का नाम शामिल है।

यह भी पढ़ें: Box Office Report: वैलेंटाइन डे पर ‘ओ रोमियो’ ने की दमदार कमाई, बॉक्स ऑफिस पर धीमी दिखी ‘तू या मैं’ की रफ्तार