Bhooth Bangla Box Office Collection: अक्षय कुमार स्टारर हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली समीक्षाएं मिली थीं। पहले वीकेंड पर फिल्म ने ठीक-ठाक कमाई की थी, लेकिन अब नॉन वीकेंड पर इसके कलेक्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने मंगलवार को 7.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
ऐसे में अब घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल नेट कलेक्शन 72.40 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कुल ग्रॉस कलेक्शन 86.21 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा फिल्म ने विदेशों में पांचवें दिन 31.50 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 117 करोड़ रुपये हो गया है।
पांच दिनों में ‘भूत बंगला’ की कमाई
अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव, असरानी और तब्बू स्टारर फिल्म ‘भूत बंगला’ 17 अप्रैल को रिलीज हुई थी। वहीं, 16 अप्रैल को इस मूवी ने पेड प्रीव्यू से 3.75 करोड़ रुपये कमाए थे। फिर पहले दिन शुक्रवार को 12.25 करोड़ का कारोबार किया। दूसरे दिन शनिवार को मूवी ने 19 करोड़ और रविवार को 23 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद सोमवार को फिल्म ने 6.75 करोड़ का कारोबार किया था।
मंगलवार को ‘भूत बंगला’ की कमाई में इजाफा
अक्षय कुमार स्टारर इस फिल्म ने सोमवार को चौथे दिन 6.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी और बीते दिन मंगलवार को 7.65 करोड़ रुपये कमाए। ऐसे में 5वें दिन इसकी कमाई में 13.3 प्रतिशत का इजाफा देखा गया। मंगलवार को फिल्म के 11,158 शो हुएा और इसकी कुल ऑक्यूपेंसी 20% रही।
‘भूत बंगला’ के शो में शाम को सबसे ज्यादा दर्शक आए। दिल्ली -एनसीआर में 1,222 शो में इसकी ऑक्यूपेंसी 29.3% रही, इसके बाद मुंबई में 840 शो में 28.3% रही। जयपुर में 173 शो में ऑक्यूपेंसी 24.8% रही।
5वें दिन ऐसा था अक्षय की बाकी फिल्मों का हाल
‘भूत बंगला’ ने पांचवें दिन ‘जॉली एलएलबी 3’ के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। पिछले साल आई अक्षय कुमार की इस कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ने पांचवें दिन 6.50 करोड़ रुपये कमाए थे। हालांकि, ‘भूत बंगला’ अभी भी ‘हाउसफुल 5’ से काफी पीछे है। ‘हाउसफुल 5’ ने पांचवें दिन 11.25 करोड़ रुपये कमाए थे।
