Bhooth Bangla Box Office Collection Worldwide: अभिनेता अक्षय कुमार और फिल्ममेकर प्रियदर्शन लगभग एक दशक बाद फिल्म ‘भूत बंगला’ के लिए साथ आए हैं। यह हॉरर कॉमेडी मूवी 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। अब इसके कलेक्शन की बात करें, तो ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने 12.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
हालांकि यह आधिकारिक तौर पर 17 अप्रैल को रिलीज हुई थी, लेकिन पेड प्रीव्यू 16 अप्रैल की शाम से शुरू हो गए थे, जिससे 3.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। इसके साथ कुल नेट कलेक्शन 15.75 करोड़ रुपये हो गया है। जबकि ग्रॉस कलेक्शन लगभग 18.90 करोड़ रुपये है। वहीं, फिल्म ने वर्ल्डवाइड 23.90 करोड़ रुपये कमाए हैं।
शुक्रवार को देशभर में फिल्म के 12,386 शो चलाए गए। पहले दिन हिंदी दर्शकों की कुल संख्या 19 प्रतिशत रही। सुबह के शो में 10.77 प्रतिशत दर्शक थे, जो दोपहर में बढ़कर 19.15 प्रतिशत और रात में 31.46 प्रतिशत हो गए। दिल्ली -एनसीआर में सबसे ज्यादा 1,202 शो प्रदर्शित हुए, जिनकी कुल दर्शक संख्या 21 प्रतिशत रही। मुंबई में 889 शो प्रदर्शित हुए और दर्शक संख्या 25 प्रतिशत रही, जो दिल्ली से अधिक है।
‘भूत बंगला’ ने तोड़ा कार्तिक आर्यन का रिकॉर्ड
वहीं, हालिया हॉरर-कॉमेडी फिल्मों की तुलना में, फिल्म का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा। पिछले साल ‘थम्मा’ ने 24 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, जबकि ‘स्त्री 2’ ने पहले दिन 51.8 करोड़ रुपये कमाकर इस शैली में एक नया बेंचमार्क स्थापित किया था। ‘भूत बंगला’ के पेड प्रीव्यू कलेक्शन और ओपनिंग डे कलेक्शन को मिला दे तो इसने कार्तिक आर्यन स्टारर ‘भूल भुलैया 2’ जिसने 14.11 करोड़ रुपये कमाए थे, उसका रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
अक्षय कुमार की पिछली फिल्मों का कलेक्शन
अक्षय कुमार की हालिया फिल्मों की तुलना में, ‘भूत बंगला’ का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। उनकी पिछली कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ ने 12.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, जबकि ‘हाउसफुल 5’ ने पहले दिन करीब 24 करोड़ रुपये और ‘केसरी चैप्टर 2’ ने 7.76 करोड़ रुपये कमाए थे।
