फिल्ममेकर प्रियदर्शन और अभिनेत्री लिसी लक्ष्मी ने अपने तलाक के लगभग एक दशक बाद फिर से साथ रहने का फैसला किया है। इनके इस फैसले से सिर्फ उनके करीबी और इंडस्ट्री के साथी ही नहीं, बल्कि मलयालम सिनेमा के दर्शक भी बेहद खुश हो गए हैं। अब हाल ही में डायरेक्टर ने एक इंटरव्यू अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बात की है। उन्होंने बताया है कि फिलहाल वह फिर से शादी करने का प्लान नहीं कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने एक साथ रहना शुरू कर दिया है।
क्यों हुआ प्रियदर्शन और लिसी का तलाक
प्रियदर्शन ने फिल्मफेयर से बात करते हुए आखिरकार बता ही दिया कि पहले उनके बीच दरार क्यों आई, जिसकी वजह से उनका तलाक हो गया था और कैसे वे फिर से एक-दूसरे के करीब आ गए। उन्होंने कहा, “हम 32 साल तक साथ रहे। आखिरकार, हम दोनों को ही बोरियत और ईगो महसूस होने लगा। एक ऐसा ईगो कि मैं तुम्हारी वजह से हूं या तुम मेरी वजह से हो। इस बात ने हमारे रिश्ते में थोड़ी कड़वाहट घोल दी। इसलिए हमने तय किया कि अलग हो जाना ही बेहतर होगा।”
यह भी पढ़ें: Bhooth Bangla Trailer: अक्षय कुमार और प्रियदर्शन का दिखा जादू, ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर देख नहीं रुकेगी हंसी
उन्होंने आगे कहा, “तलाक के कुछ साल बाद हमें पता चला कि हम दोनों एक-दूसरे को याद कर रहे थे। इसलिए हम वापस आ गए, बात बस इतनी सी है। इसका मतलब था कि कहीं न कहीं कोई सच्चा प्यार छिपा हुआ था। आपको किसी की जरूरत होती है। साथ होना बहुत जरूरी है।”
बता दें कि पिछले साल के आखिर में मशहूर डायरेक्टर सिबी मलयिल के बेटे की शादी में प्रियदर्शन और लिसी एक साथ पहुंचे थे। तब से ही उनके फिर से एक होने की अफवाहें जोरों पर थीं। फिर लिसी ने ममूटी के साथ अपनी और प्रियदर्शन की तस्वीरें पोस्ट कीं, तो इन अफवाहों को और भी ज्यादा हवा मिल गई। इसके बाद फिल्ममेकर ने मिड-डे को बताया था कि शादी के सर्टिफ़िकेट को छोड़कर, हम दोनों बिल्कुल वैसी ही जिंदगी जी रहे हैं।”
प्रियदर्शन और लिसी ने साल 1990 में शादी की थी, जब वे दोनों अपने-अपने करियर के पीक पर थे। शादी के 24 साल बाद उन्होंने अलग होने का फैसला किया और 2014 में तलाक के लिए अर्जी दी। यह 2016 में फाइनल हो गया। इस कपल के दो बच्चे हैं, अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन और सिद्धार्थ।
यह भी पढ़ें: ‘FIR से पहले वो आपके भी दोस्त थे’, जाकिर खान के मज़ेदार AIB जोक पर आलिया भट्ट हुईं हैरान
