अक्षय कुमार, परेश रावल और राजपाल यादव ‘भूल भुलैया’ के बाद एक बार फिर हॉरर कॉमेडी फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। बता दें कि इस मूवी का नाम ‘भूत बंगला’ है, जिसका हाल ही में ट्रेलर जारी किया गया। इसके ट्रेलर में कॉमेडी के साथ-साथ डर का भी जबरदस्त अंदाज देखने को मिला। फिल्म की कहानी के अलावा एक और चीज की चर्चा काफी हो रही है और वह है इस मूवी में नजर आने वाली हवेली की। चलिए आपको बताते हैं इसके इतिहास के बारे में।
‘भूत बंगला’ की डरावनी हवेली का इतिहास
सबसे पहले आपको बता दें कि फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आने वाली डरावनी हवेली असल में काफी खूबसूरत है। यह जयपुर में बना चोमू पैलेस होटल है, जो 1550 में राव गोपालजी ने बनवाया था। पहले इसे चोमूगढ़ किला कहा जाता था। राव गोपालजी जयपुर के पहले राजा पृथ्वीराज सिंहजी के चौथे बेटे थे और यह किला सामोद रियासत की एक शाखा के रूप में स्थापित हुआ था।
यह भी पढ़ें: ‘पायरेसी राजनीति से परे है’, विजय की ‘जन नायकन’ हुई लीक, कमल हासन से लेकर रजनीकांत तक ने उठाई आवाज
चोमू पैलेस होटल की ऑफिशियल साइट के अनुसार, शुरुआत में इस किले को सैनिकों और सरदारों के रहने के लिए बनाया गया था। इसकी सुरक्षा के लिए करीब 5 मीटर मोटी दीवार बनाई गई थी, ताकि दुश्मनों से बचाव किया जा सके। 16वीं सदी से लेकर 18वीं सदी के अंत तक, करीब 350 सालों में यह किला धीरे-धीरे एक शानदार महल में बदल गया। अब यहां अक्षय के फिल्म की शूटिंग भी हुई है।
‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे ये सितारे
मूवी की बात करें, तो यह 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार, राजपाल यादव और परेश रावल के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, दिवंगत अभिनेता असरानी समेत कई कलाकार नजर आने वाले हैं। मूवी को अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर ने प्रोड्यूस किया है।
