‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के सीजन 4 के लेटेस्ट एपिसोड में रवि किशन, ऑरी और मलाइका अरोड़ा बतौर खास मेहमान पहुंचे। शो में हमेशा की तरह जबरदस्त मस्ती और हंसी-मजाक देखने को मिला। खास तौर पर रवि किशन और मनोज तिवारी की नोकझोंक ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
एपिसोड के दौरान कपिल शर्मा ने रवि किशन को मनोज तिवारी का एक पुराना वीडियो क्लिप दिखाया, जिसमें मनोज यह कहते नजर आ रहे थे कि उन्होंने ही रवि किशन को राजनीति में आने में मदद की थी। यह सुनते ही रवि किशन ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया और कहा कि असल में उन्होंने ही मनोज तिवारी और निरहुआ को आगे बढ़ाया है।
रवि किशन ने हंसते हुए कहा, “ये वही लोग हैं जो गांव-गांव में भजन गाते थे। मेरी पहली फिल्म ‘सैयाँ हमार’ थी, भगवान की कृपा से। उसके बाद ये लोग आए। तब इनका हाल ऐसा था कि ठीक से चल भी नहीं पाते थे। चलना हमने सिखाया, ब्लैक कॉफी पीना हमने सिखाया।”
रवि किशन ने अपने और मनोज तिवारी के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि मनोज तिवारी उनके जूनियर रहे हैं। उन्होंने बनारस घाट पर फिल्म ‘कन्यादान’ की शूटिंग का जिक्र करते हुए कहा, “मनोज बाबू, याद है बनारस घाट पर ‘कन्यादान’ की शूटिंग? ठंड का मौसम था। तुमने पहली बार इतना बड़ा 35mm का फिल्म कैमरा देखा था और हैरान होकर कहा था कि ये कितना बड़ा कैमरा है! वही मैं था जो तुम्हें मुंबई घुमाकर लाया था। डायलॉग बोलना सिखाया, यहां तक कि संसद में बोलना भी सिखाया, वरना तुम्हारे पैर कांपते थे।”
रवि किशन ने मजाकिया लहजे में आगे कहा कि मनोज तिवारी अक्सर उनके खिलाफ ऐसी बातें करते रहते हैं। उन्होंने कहा, “बात है सिद्धू पाजी… लोग उसी पेड़ पर पत्थर मारते हैं जिस पर फल लगते हैं। हम चलते हैं और ये सब जलते हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘सब अच्छा ही होगा’, तलाक और अफेयर की खबरों के बीच विजय ने कही ये बात, बोले- मुझे पता है आप में से कई लोग…
पूरे एपिसोड में कई मजेदार पल देखने को मिले। शो की शुरुआत कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर की एक फनी कव्वाली से हुई। इसके बाद रवि किशन चार विदेशी खूबसूरत मेहमानों के साथ स्टेज पर एंट्री करते नजर आए।
एपिसोड में नवजोत सिंह सिद्धू भी मलाइका अरोड़ा को देखकर काफी उत्साहित दिखाई दिए और उनके साथ मजाक-मस्ती करते नजर आए। कुल मिलाकर यह एपिसोड हंसी और मनोरंजन से भरपूर रहा, जिसने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
