scorecardresearch

वीडियो: लेट हुए भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल यादव तो बेकाबू हो गई भीड़, चले ईंट-पत्‍थर

यहां आक्रोशित लोगों को शांत करने पहुंची पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने भीड़ पर जमकर लाठियां चटकाईं। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

वीडियो: लेट हुए भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल यादव तो बेकाबू हो गई भीड़, चले ईंट-पत्‍थर
खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ है।

भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में एक बार फिर जमकर हंगामा हुआ है। दरअसल उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामपुर में आयोजित एक महोत्सव में खेसारी लाल यादव प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम में गायक के देर से आने की वजह से यहां मौजूद लोग नाराज हो गए। नाराज दर्शकों ने वहां मंच पर ईंट-पत्थर और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी। हालांकि कार्यक्रम में पहुंचे भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल ने लोगों से ईंट-पत्थर ना फेंकने की अपील की लेकिन नाराज लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बेकाबू लोग कुर्सियां और ईंट-पत्थर बरसाते रहे। इस हमले में कई लोग जख्मी हो गए। हंगामा होते देख खेसारी लाल यादव ने कार्यक्रम करने से इनकार कर दिया।

बीते सोमवार की देर रात यह हंगामा हुआ है। यहां आक्रोशित लोगों को शांत करने पहुंची पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने भीड़ पर जमकर लाठियां चटकाईं। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पुलिस की लाठी चार्ज में भी कई लोग जख्मी हो गए। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने किया था। हालांकि कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद वो वहां से चली गई थीं। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक उपेंद्र रावत भी मौजूद थे लेकिन लोगों का हंगामा देख वो वहां से निकल गए।

आपको बता दें कि इससे पहले भी खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में हंगामा हुआ था जब वो इसी महीने बिहार के नालंदा जिले में एक कार्यक्रम करने गए थे। इस कार्यक्रम में अभिनेता पर जानलेवा हमला भी हुआ था। हमले में अभिनेता तो बाल-बाल बच गए थे लेकिन पत्थरबाजी में उनकी गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए थे। अभी हाल ही में भोजपुरी के ही मशहूर गायक और अभिनेता पवन सिंह भी रोहतास जिले के करहगर में आयोजित एक कार्यक्रम में जब स्टेज पर परफॉरमेंस कर रहे थे तब उग्र भीड़ ने स्टेज पर ईंट-पत्थरों से हमला किया था। इस हमले में कई लोगों को चोटे आई थीं। हालांकि स्टेज पर ईंट-पत्थर की बौछार के बीच सिंगर ने वहां गायकी से समां बाधा था।

देखें वीडियो:

पढें Bhojpuri (Bhojpuri News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 27-11-2018 at 14:15 IST
अपडेट