सावन का महीना चल रहा है और देशभर में भक्ति-भजन का माहौल बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के बस्ती इलाके में बीती रात भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक भजन संध्या में शामिल हुए। वहां उन्होंने अपनी आवाज में कई सारे शिव भक्ति वाले भजन गाए। मगर इसी बीच स्टेज पर एक छोटी सी घटना भी घट गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में आयोजित कांवड़ महोत्सव के एक कार्यक्रम में पवन सिंह स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक कांवड़िया फैन बैरिकेड तोड़कर स्टेज तक पहुंच गया और पवन सिंह के करीब जाने की कोशिश करने लगा। उसके हाथ में एक फोटो फ्रेम भी था। तभी वहां मौजूद पावर स्टार के सुरक्षाकर्मी ने उसे पकड़कर स्टेज से नीचे फेंक दिया।

यह भी पढ़ें: ‘किसी और से शादी कर लो’, जब कैंसर से जूझते वक्त हिना खान ने रॉकी को दी थी ये सलाह

पवन सिंह ने दिया रिएक्शन

यह सब देखने के बाद पवन सिंह आगे आए और उस शख्स को फिर से स्टेज पर बुलाया। इसके बाद उन्होंने उस शख्स के साथ फोटो भी खिंचवाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसे पवन सिंह और उनके फैंस के बीच खास जुड़ाव का उदाहरण बता रहे हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश और बिहार में पवन सिंह की लोकप्रियता काफी मजबूत है। वह पिछले एक दशक से भोजपुरी के मशहूर सिंगर और कलाकारों में शामिल हैं।

रियलिटी शो का हिस्सा हैं पवन सिंह

फिलहाल पवन सिंह ‘भोजपुरी बवाल’ नाम के एक रियलिटी शो का हिस्सा हैं। यह शो 2 अगस्त 2026 को कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर शुरू हुआ है। इस शो में टास्क और एलिमिनेशन के बजाय बिना स्क्रिप्ट के कलाकारों की जिंदगी और उनके बीच की बातचीत को दिखाया जाता है। शो में पवन सिंह के अलावा दिनेश लाल यादव (निरहुआ), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव भी नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: झारखंड छात्र आन्दोलन में पहुंचे पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह पर किया कटाक्ष, पूछा- अब कहां हैं बाकी कुत्ते?