खेसारी लाल के गाने को लेकर हुए विवाद पर पहली बार बोले पवन सिंह, कही ये बात
हाल ही में खेसारी लाल ने ‘भतार भटियारा रहता जाके आरा’ नाम से एक गाना रिलीज किया जिसके बाद पवन सिंह के फैंस काफी नाराज हो गए। उन्होंने खेसारी लाल पर हमला बोलते हुए कहा कि ये गाना उन्होंने पवन सिंह को टारगेट करते हुए गाया है।

खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) अपने एक गाने को लेकर काफी विवादों में हैं। इस गाने के रिलीज के बाद से ही पवन सिंह के फैंस उनको सोशल मीडिया पर काफी टारगेट कर रहे हैं। तो वहीं खेसारी लाल के फैंस भी पवन सिंह (Pawan Singh) को निशाने पर ले रहे हैं। इन विवादों को लेकर हाल ही में खेसारी लाल ने अपने एक इंटरव्यू में इस विवाद पर सफाई दी थी। अब पवन सिंह ने भी इस विवाद पर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भोजपुरी फिल्मों के प्रोड्यूर निशांत उज्जवल से हुए लाइव सेशन बातचीत में पवन सिंह ने इस मामले को लेकर कहा कि ऐसे विवाद पैदा करने वाले इंडस्ट्री में कुछ ही लोग हैं। अगर मैं कोई गाना गाता हूं तो पीछे से सब लग जाते हैं कि उनपर गाया हूं, वहीं जब खेसारी लाल गाते हैं तो कहते हैं ये मेरे उपर गाया गया है। इसी चीज को वो मुद्दा बनाकर यूट्यूब पर फैलाते रहते हैं।
पवन सिंह ने आगे कहा कि हर कोई का तो आज यूट्यूब चैनल हो गया है। कोई भी फिल्म आती है तो इनके पास पता नहीं कहां से रिपोर्ट आ जाती है और लगाते हैं बताने की फलां फिल्म के लिए ये उम्मीद थी और ये हो गया। इनको नहीं पता कि जब कोई एक फिल्म बनती हो तो 200 से अधिक लोगों का चूल्हा जलता है। ये सब गानों के व्यूज पर वीडियो बनाते हैं। लॉकडाउन में इनकी यही चिंता है लेकिन किसी का चूल्हा नहीं जला रहा है,उसपर ये वीडियो नहीं बनाएंगे।
फैंस द्वारा गाली गलौज करने को लेकर पवन सिंह ने कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री एक छोटे परिवार जैसा है। और हम सब भाई हैं। दिनेश लाल यादव गाना गाएं या खेसारी लाल या फिर मैं। इसे किसी व्यक्ति विशेष से जोड़कर ना देखें। आप सब फैंस हमारे लिए भगवान जैसे हैं।
क्या है विवादः हाल ही में खेसारी लाल ने ‘भतार भटियारा रहता जाके आरा’ नाम से एक गाना रिलीज किया जिसके बाद पवन सिंह के फैंस काफी नाराज हो गए। उन्होंने खेसारी लाल पर हमला बोलते हुए कहा कि ये गाना उन्होंने पवन सिंह को टारगेट करते हुए गाया है। चूंकि पवन सिंह आरा के रहने वाले हैं और लॉकडाउन में भी वह आरा में ही रह रहे हैं। इसी बात को लेकर खेसारी लाल के इस गाने पर काफी विवाद हो गया।
खेसारी लाल ने भी सफाई देते हुए कहा कि ये एक स्त्री के दर्द पर गाया गया है ना कि पवन भैया पर। वे हमारे लिए पितातुल्य हैं। उनके गाने सुनकर ही बड़े हुए हैं।