भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार की चर्चा होगी, तो दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ का नाम जरूर लिया जाएगा। इंडस्ट्री में उनके दमदार गानों से लेकर यागदार फिल्मों का जिक्र हमेशा चलता है। इसके अलावा, उनका नाम उन चुनिंदा भोजपुरी सितारों की लिस्ट में भी शामिल किया जाता है, जो अपने दिल की बात बगैर किसी हिचक के बोलना जानते हैं। इन दिनों निरहुआ पत्नी संग रिश्ते पर अपने बयान को लेकर सुर्खियों का हिस्सा बन गए हैं। सुपरस्टार के प्रशंसकों को उनके हालिया बयान से थोड़ी हैरानी भी हुई है। ऐसे में जानना जरूरी हो जाता है कि लोगों को दीवाना बनाने वाले मशहूर कलाकार ने अपनी शादी को सिर्फ फर्ज निभाना क्यों बताया है।
स्क्रीन पर प्यार के रंग बिखेरने वाले निरहुआ निजी जीवन में प्यार की कमी महसूस करते हैं। इस बात का अंदाजा उनके हालिया बयान के बाद लगाया जा रहा है। खैर, लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ भी कर रहे हैं कि वह शादी को फर्ज के तौर पर निभा रहे हैं, तो उसे स्वीकार करने में भी पीछे नहीं हटे। जहां मशहूर कलाकार अपनी पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखना पसंद करते हैं, वहां पर निरहुआ का प्यार और शादी पर खुलकर बात करना लोगों को तारीफ के काबिल लगा।
पत्नी और बच्चों से प्यार नहीं करते हैं निरहुआ
निरहुआ ने भोजपुरी सिनेमा की ज्यादातर हिट एक्ट्रेस के साथ रोमांटिक गानों और फिल्मों में काम किया है। खासतौर पर आम्रपाली दुबे संग उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी को खूब सराहा जाता है। लेकिन, असल जिंदगी की हीरोइन यानी अपनी पत्नी से निरहुआ प्यार नहीं करते हैं। साथ ही, उन्होंने इस बात का खुलासा भी किया कि शादी का फैसला उनका नहीं था, बल्कि माता-पिता न जबरन उनका विवाह करवाया था।
यह भी पढ़ें: Bhojpuri Holi Song: होली पर रंग में भिगोने आ गया पवन सिंह-महिमा का नया गाना ‘सतरंगी’, यूट्यूब पर हुआ ट्रेंड
डिजिटल कमेंट्री संग बातचीत में निरहुआ ने शादीशुदा जिंदगी के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मेरे माता-पिता ने मेरी शादी जबरदस्ती करवाई थी। मैं उनसे अक्सर कहता रहता था कि पहले मुझे जिंदगी में कुछ करने दें, और सफलता मिलने के बाद शादी करेंगे, लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं मानी। मुझे भी इस बात का हमेशा मलाल होता है। जीवनसाथी वो होनी चाहिए, जिससे आप प्यार करते हो। मैंने अपनी पत्नी और बच्चों को भी इस बारे में बताया कि मुझे उनसे प्यार नहीं है। मैं बस अपना फर्ज निभा रहा हूं।’
निरहुआ का यह चर्चित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। फैंस समेत यूजर्स उनकी इस टिप्पणी पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ज्यादातर लोगों ने भोजपुरी सुपरस्टार के बयान पर हैरानी जाहिर की है।
