जब खुले मंच से सपना चौधरी ने बताया खुद को खेसारी लाल यादव का फैन, भोजपुरी एक्टर का कुछ यूं था रिएक्शन
Bhojpuri: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के फैंस उन्हें कितना चाहते हैं ये बात किसी से छुपी नहीं है। जब एक बार हरियाणा की डांसिंग क्वीन सपना चौधरी ने खुद को खेसारी का फैन बताया तो...

Bhojpuri: सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal yadav) के भोजपुरी सिनेमा में लाखों चाहने वाले हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में उनके नाम का डंका बजता है। इतना ही नहीं बिग बॉस 13 (Bigg Boss 13) का हिस्सा बनने के बाद से लोग उन्हें अब पूरे भारत में खूब प्यार देते हैं। वहीं डांसिंग सेंसेशन सपना चौधरी (Sapna Chodhary) भी आज किसी पहचान की मोहताज़ नहीं हैं। उनके स्टेज परफॉर्मेंस को देखने के लिए एक बार में हज़ारों लोगों की भीड़ जुटती है। सपना ने अपने डांस से पूरे देश को दीवाना बना रखा है। एक बार बिहार में एक समारोह के दौरान सपना चौधरी और खेसारी लाल यादव एक ही मंच साझा कर रहे थे। तब सपना ने खुले मंच से खुद को खेसारी लाल यादव का फैन बताया था।
दरअसल समारोह में खेसारी लाल यादव सपना को अपने बिहार की जनता से रूबरू करवा रहे थे। इस दौरान उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि, यह बिहार की जनता ही है जिन्होंने एक लिट्टी चोखा बेचने वाले को आज लाखों दिलों की धड़कन बना दिया। वहीं इसके बाद जब सपना ने खेसारी लाल यादव से माइक लिया तो उन्होंने कहा कि आपकी तो फैन मैं भी हूं। ये सुनकर खेसारी लाल यादव ने उनका शुक्रिया अदा किया। जिसके बाद दोनों फैंस से अपने-अपने स्ट्रगल को साझा करने लगे और खेसारी लाल बोले, सपना जी आपको भी बिहार की जनता उतना ही प्यार करती है जितना खेसारी लाल यादव और पवन सिंह जैसे अन्य कलाकारों को करती है।
लेकिन खेसारी लाल यादव यहीं नहीं थमें। इसके बाद उन्होंने सपना चौधरी से मज़ाकिया लहज़े में फ्लर्ट करते हुए कहा, सपना जी आप राधा हैं तो हम भी किशन से कम नहीं हैं। जिसके बाद फैंस जोर-जोर से खेसारी का समर्थन करते हुए शोर मचाने लगे। इस पर सपना चौधरी ने भी उसी अंदाज़ में खेसारी लाल यादव को जवाब देते हुए कहा कि अब बस इतना काफी है फ्लर्ट मत कीजिये क्योंकि यहां फ्लर्ट करने का कोई फायदा नहीं होने वाला है।
बता दें सपना चौधरी और खेसारी लाल जैसे रीजनल कलाकारों ने मनोरंजन की दुनिया में अपना अलग मुकाम हासिल किया है। सपना जहां हरियाणा से आती हैं तो वहीं खेसारी लाल यादव बिहार के रहने वाले हैं। इन दोनों ही कलाकारों ने आज अपनी मेहनत के दम पर लाखों फैंस बनाए हैं। गौरतलब है कि ये दोनों ही कलाकार सलमान खान के कंट्रोवर्शियल रिएलिटी शो बिग बॉस का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि दोनों ने शो के अलग-अलग सीजन में हिस्सा लिया था।