करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं निरहुआ, मुंबई के अंधेरी में है आलीशान फ्लैट
निरहुआ के पास 4.6 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है जिसमें मुंबई के अंधेरी का एक आलीशान फ्लैट भी शामिल है।

कई भोजपुरी सितारे पूरे उत्तर भारत में लोकप्रिय हैं। ऐसे ही एक भोजपुरी स्टार हैं दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ। उन्होंने निरहुआ हिन्दुस्तानी, संघर्ष, बॉर्डर (2018), निरहुआ रिक्शेवाला जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। निरहुआ एक्टिंग और सिंगिंग के साथ-साथ भोजपुरी फिल्में प्रोड्यूस भी करते हैं। अपने शानदार अभिनय के लिए मशहूर निरहुआ करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं।
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं निरहुआ : 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ 5 करोड़ 93 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ के पास 1 करोड़ 28 लाख रुपए की चल संपत्ति और 4 करोड़ 60 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। इसके अलावा उस वक्त निरहुआ पर 54 लाख रुपए की देनदारी भी थी।
मुंबई के अंधेरी में है आलीशान फ्लैट : निरहुआ के पास 4.6 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है जिसमें मुंबई के अंधेरी का एक आलीशान फ्लैट भी शामिल है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ के पास तीन करोड़ रुपए की रेजिडेंशियल बिल्डिंग हैं। इसके अलावा निरहुआ ने एलआईसी पॉलिसी में भी निवेश किया है। उनके पास लगभग 6 लाख रुपए की एलआईसी पॉलिसी हैं। इसके अलावा निरहुआ के पास लगभग एक करोड़ रुपए की कृषि भूमि भी है।
महंगी गाड़ियों के शौकीन हैं निरहुआ : दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ महंगी गाड़ियों के बेहद शौकीन हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ के पास रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी कारें हैं। चुनावी हलफनामे में निरहुआ ने फॉर्च्यूनर की कीमत 10 लाख रुपए और रेंज रोवर की कीमत 42 लाख रुपए बताई थी। इतना ही नहीं उनके पास पल्सर बाइक भी है। चुनावी हलफनामे के अनुसार निरहुआ के पास 16 लाख रुपए से ज्यादा की ज्वेलरी भी है।
चुनावी मैदान में भी आजमा चुके हैं किस्मत : भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में निरहुआ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ आजमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि निरहुआ को सपा के अखिलेश यादव से हार का सामना करना पड़ा था पर राजनीतिक गलियारों में निरहुआ की भाषण शैली की खूब तारीफ हुई थी।