भोजपुरी स्टार खेसारी लाल के कॉन्सर्ट में हंगामे का वीडियो सामने आया है। जिसमें जमकर तोड़फोड़, मार पिटाई और यहां तक की लाठीचार्ज तक हुआ। मामला बिहार के मुजफ्फरपुर के पशु मेले का है। खेसारी बुधवार को वहां अपने शो के लिए पहुंचे थे। मगर जैसे ही वो मंच पर पहुंचे वहां बवाल शुरू हो गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक खेसारी को देखकर दर्शक बेकाबू हो गए और हूटिंग करने लगे। इसके बाद देखते ही देखते लोगों ने मंच पर भी जूते-चप्पल फेंकने शुरू कर दिए और बवाल इतना बढ़ गया कि वहां तोड़फोड़ होने लगी साथ ही लात-घूंसे भी चलने लगे। भीड़ को बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और इसमें लोगों के साथ-साथ 3 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
ऐसे में आयोजकों को कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा। दो दिन पहले भी इसी मेले में डांसर्स के साथ स्टेज पर मारपीट की घटना सामने आई थी। अब इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें पुलिस को भीड़ पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज करते देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: ‘कोई इस स्क्रिप्ट को खरीदने को तैयार नहीं था’: राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने बताया आमिर खान ने कैसे बचाई ‘रंग दे बसंती’
जानकारी के मुताबिक, इस मेले का आयोजन औराई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक रामसूरत राय कई सालों से कराते आ रहे हैं। घटना के वक्त मेले में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। वायरल वीडियो में साफ दिखता है कि लोग स्टेज की ओर जूते-चप्पल फेंक रहे हैं, जबकि पुलिस उपद्रवियों को नियंत्रित करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: Ramayana Teaser: जब दुनिया में कोई नायक नहीं था, तब ‘राम’ थे: रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायणम्’ की पहली झलक
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने इस पूरे मामले के लिए मेला प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि आयोजकों ने पहले 30-40 हजार लोगों के आने की जानकारी दी थी, लेकिन कार्यक्रम में करीब एक से डेढ़ लाख की भीड़ जुट गई, जिससे हालात संभालना मुश्किल हो गया।
