भोजपुरी सिंगर और अभिनेता पवन सिंह पिछले काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उनका अपनी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह से तलाक का केस चल रहा है, जिसकी सुनवाई 25 मार्च को आरा सिविल कोर्ट में हुई। पावर स्टार बुधवार को करीब दो बजकर 20 मिनट के आसपास कोर्ट पहुंचे, लेकिन ज्योति सिंह कोर्ट में पेश नहीं हुईं। वह क्यों नहीं आईं इसकी वजह तो अभी सामने नहीं आई है।

क्या बोलीं पवन सिंह की वकील

एबीपी की रिपोर्ट के अनुसार, जब पवन सिंह 35-40 मिनट बाद कोर्ट से बाहर निकले तो मायूस दिखाई दिए। अभिनेता के वकील सुमन कुमार ने बताया कि आज रिकॉन्सिलिएशन के लिए पवन सिंह और ज्योति सिंह को बुलाया गया था, लेकिन ज्योति किसी कारणवश कोर्ट नहीं पहुंचीं। फिर कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनसे बातचीत कराने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

यह भी पढ़ें: एक नहीं 7-8 फिल्मों में इस्तेमाल हो चुका है ‘धुरंधर’ फिल्म का ये गाना, ‘डॉन 2’ से हुआ था मशहूर

इसके आगे वकील ने मुताबिक, पवन सिंह ने कोर्ट में जज से कहा कि मैं ज्योति सिंह के साथ नहीं रहना चाहता। जो भी वन-टाइम सेटलमेंट होगा, वह उसे करने के लिए तैयार हैं। वहीं, ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडेय ने बताया कि अगर पवन सिंह, ज्योति के साथ नहीं रहना चाहते, तो 10 करोड़ रुपये और एक मकान देने के साथ मामला चलने तक उन्हें खर्च दें।

बता दें कि 11 फरवरी को हुई सुनवाई में ज्योति सिंह कोर्ट पहुंची थीं। उस दिन सिंगर ने बीमारी का हवाला दिया और वे कोर्ट नहीं पहुंचे थे। फिर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अस्पताल के बेड से उनकी पेशी हुई थी। उस समय ज्योति ने कोर्ट में कहा था कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती हैं। इसके साथ ही पावर स्टार की पत्नी ने कहा कि सात साल की शादी में उन्हें सिर्फ मानसिक पीड़ा मिली। पति का साथ नहीं मिला और न ही उनका सपोर्ट। कोर्ट में भी सिवाए इंतजार के कोई अंतिम फैसला नहीं मिलता।

पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं ज्योति

ज्योति सिंह अभिनेता पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं। इससे पहले उनकी शादी नीलम सिंह से हुई थी, लेकिन नीलम ने शादी के कुछ समय बाद ही आत्महत्या कर ली थी। वह अक्सर नीलम के बारे में रियलिटी शो में बात कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें: ईद पर धोती-कुर्ता पहनने पर ट्रोल हुए अली जफर, माफी मांगने के साथ हेटर्स को मारा ताना