जिस पार्टी में नारी का सम्मान, उसका कर रहे प्रचार – बिहार चुनाव प्रचार में उतरीं भोजपुरी अभिनेत्रियां अंजना, पाखी और शुभी शर्मा
भोजपुरी की प्रसिद्ध अभिनेत्रियां अंजना सिंह, पाखी हेगड़े और शुभी शर्मा बिहार चुनाव में प्रचार का काम कर रहीं हैं। उनका कहना है कि जिस पार्टी में नारी सम्मान है वो उसी पार्टी यानि राजद का प्रचार कर रहीं हैं।

बिहार चुनाव में प्रचार का सिलसिला अपने जोरों पर है। स्टार प्रचारक जगह- जगह जाकर संबंधित पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में भोजपुरी की तीन अभिनेत्रियां अंजना सिंह, पाखी हेगड़े और शुभी शर्मा भी अपनी पार्टी के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रहीं हैं। तीनों ने हाल ही में एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में बताया कि वो तेजस्वी यादव की पार्टी यानि राष्ट्रीय जनता दल के लिए चुनाव प्रचार कर रहीं हैं।
अभिनेत्री अंजना सिंह ने कहा, ‘पटना और बिहार में हमने बहुत शूटिंग की है, अभी तो चुनावी माहौल चल रहा है। इसमें एक अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है एयरपोर्ट पर, सैकड़ों हेलीकॉप्टर आ – जा रहे हैं। हमें भी एक दिन में बहुत सारी सभाएं अटेंड करने होती है और यह बाई रोड नहीं हो पाएगा इसलिए हम भी इसी का सहारा लेते हैं।’ यह कहे जाने पर कि आरजेडी ने अपने घोषणा पत्र में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का ज़िक्र नहीं किया और उनके लिए कोई घोषणा नहीं की अंजना सिंह ने कहा, ‘ये आप कैसे कह सकती हैं कि इस बात का ज़िक्र नहीं है। हम इतने सारे कलाकार उनकी पार्टी का समर्थन करने आए हैं। जहां पर नारी सम्मान होता है, जिस पार्टी में महिला का सम्मान है वहां हम दिख रहे हैं, महिलाएं दिख रहीं हैं।’
यह कहे जाने पर कि भोजपुरी के लगभग सभी दिग्गज अभिनेता या तो सत्ताधारी पार्टी एनडीए में हैं या उनके स्टार प्रचारक हैं और अभिनेत्रियां आरजेडी का प्रचार कर रहीं हैं, पाखी हेगड़े ने कहा, ‘हमेशा मैंने महसूस किया है कि लड़कियां लड़कों से ज़्यादा सुलझी हुई होती है। तो अगर यह लड़कियों और लड़कों का मुद्दा है, जैसे हीरो और हीरोइंस तो हमलोग हीरोइंस की तरफ ही रहेंगे, हमलोग हमेशा मजबूत हैं और रहेंगे। यहां तो लालटेन (आरजेडी का चुनाव चिन्ह) ही आएगा।’
अभिनेत्री शुभी शर्मा ने भी इस बात को कहा कि बिहार में इस बार आरजेडी की ही लहर है और लालटेन ही आएगा इस बार। अंजना सिंह से जब यह पूछा गया कि रवि किशन, मनोज तिवारी उन सबके अच्छे दोस्त हैं और अगर वो दूसरी पार्टी से चुनाव प्रचार कर रहीं हैं तो क्या उन्हें बुरा नहीं लगेगा, उनका जवाब था, ‘उन्होने ऐसा कहा तो नहीं कि हम यहां हैं तो उन्हें बुरा लगा है। ऐसा बिल्कुल नहीं है, यह एक प्रोफेशन है। एक आर्टिस्ट होने के नाते हम किसी भी पार्टी की कैंपेनिंग कर सकते हैं।’