कॉमेडियन भारती सिंह आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। भारती सिंह अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और हाजिरजवाबी के लिए जानी जाती हैं, इतना ही नहीं इंडस्ट्री में उन्हें कॉमेडी क्वीन के नाम से जाना जाता है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि भारती का पहला सपना कॉमेडियन बनना नहीं था।

जी हां! वह खेल की दुनिया में अपना करियर बनाना चाहती थीं और इसके लिए उन्होंने खूब मेहनत भी की थी। वह नेशनल लेवल शूटर रह चुकी हैं, मगर उनकी किस्मत में शायद कॉमेडियन बनना लिखा था।

राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाज रह चुकी हैं भारती सिंह

भारती सिंह ने कई इंटरव्यू में बताया है कि उन्हें बचपन से ही खेलों में रुचि थी। उन्होंने आर्चरी और राइफल शूटिंग में ट्रेनिंग ली और राष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेल में अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से उन्हें स्पोर्ट्स कोटे के तहत सरकारी नौकरी मिलने की भी संभावना थी। उस समय उनका पूरा फोकस एक खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाने पर था।

किस्मत ने बदल दिया करियर

कॉलेज के दिनों में भारती ने मजाक-मजाक में स्टेज परफॉर्मेंस और कॉमेडी करना शुरू किया। उनकी कॉमिक टाइमिंग को लोगों ने खूब पसंद किया। इसके बाद उन्होंने टीवी के मशहूर कॉमेडी रियलिटी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में हिस्सा लिया। इस शो में उन्होंने ‘लल्ली’ नाम की एक नटखट और मासूम लड़की का किरदार निभाया था, जिससे उन्हें अपार सफलता मिली और वह शो की सेकंड रनर-अप बनीं। इसके बाद उनकी जिंदगी बदल गई और उन्हें घर-घर में पहचान मिली।

ह भी पढ़ें: ‘हां मेरी शादी हो रही है’, आमिर खान ने गौरी स्प्रैट संग तीसरी शादी की अनाउंस, बोले- प्रार्थना करें हमारा सफर अच्छा रहे

सुदेश लहरी हैं उनके गुरु

इस वक्त भारती सिंह ‘लाफ्टर शेफ्स’ शो होस्ट कर रही हैं और इस शो में सुदेश लहरी प्रतियोगी हैं। मगर कम ही लोग इस बात को भी जानते होंगे कि भारती के कॉमेडी करियर की शुरुआत में सुदेश लहरी ने उन्हें खूब सिखाया था। सुदेश लहरी से ट्रेनिंग लेने के बाद ही भारती ने ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के अमृतसर ऑडिशन में हिस्सा लिया था।

‘लाफ्टर क्वीन’ के नाम से मिली पहचान

‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के बाद भारती सिंह ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी नाइट्स, द कपिल शर्मा शो, खतरों के खिलाड़ी, झलक दिखला जा और कई बड़े टीवी शोज में अपनी अलग पहचान बनाई। अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और दमदार मंच संचालन की बदौलत उन्हें ‘लाफ्टर क्वीन’ कहा जाने लगा।

यह भी पढ़ें: Alpha Movie Review LIVE: आलिया भट्ट-शरवरी की स्पाई फिल्म का एडवांस बुकिंग में धमाका, पहले दिन बिके 89 हजार से ज्यादा टिकट

गरीबी में बीता बचपन

भारती सिंह का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। उन्होंने कई बार खुलासा किया है कि उनकी मां ने परिवार चलाने के लिए बेहद संघर्ष किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारती ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर मनोरंजन जगत में बड़ा मुकाम हासिल किया। आज वह टीवी इंडस्ट्री की सबसे सफल कॉमेडियंस और होस्ट्स में गिनी जाती हैं।

आज करोड़ों की मालकिन

संघर्ष से शुरू हुआ भारती सिंह का सफर आज सफलता की मिसाल बन चुका है। टीवी शो, एंकरिंग, ब्रांड एंडोर्समेंट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए वह करोड़ों की कमाई करती हैं। तमाम रिपोर्ट्स में दावा किया जाता है कि वो करीब 30 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं।