मशहूर एक्ट्रेस जीनत अमान लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप के समर्थन में अपनी राय रखती रही हैं। उनका मानना है कि शादी जैसे बड़े फैसले से पहले कपल्स को कुछ समय साथ रहकर एक-दूसरे को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए। उनकी इस सोच को लेकर मुमताज और सायरा बानो जैसी अभिनेत्रियों ने उनकी आलोचना भी की। लेकिन बावजूद इसके जीनत अपने विचारों पर आज भी कायम हैं।
हाल ही में शुभ्रा अयप्पा से बातचीत के दौरान जीनत अमान ने बताया कि आज के दौर में लिव-इन रिलेशनशिप पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गई है। उन्होंने कहा, “आज के समय में और पहले भी, कोई भी रिश्ता हमेशा के लिए नहीं होता। किसी कानूनी बंधन में बंधने से पहले यह जानना जरूरी है कि आप मेंटल और इमोशनल रूप से एक-दूसरे के साथ कितने कंफर्टेबल हैं।”
लिव-इन पर ये है जीनत अमान के विचार
उन्होंने आगे कहा, “अगर भविष्य में बच्चे होंगे तो उनकी परवरिश को लेकर दोनों की सोच क्या है? पैसों को लेकर आपकी समझ कितनी मिलती है? अगर इन बातों पर ही तालमेल नहीं है, तो रिश्ते का मतलब क्या रह जाता है? मेरी नजर में 15 साल दुखी रहने से बेहतर है कि पांच साल खुशी से जिया जाए।”
रिश्ते में लगते हैं एफर्ट्स
उन्होंने आगे कहा कि लोग अक्सर सोचते हैं कि प्यार और रोमांस हमेशा एक जैसा बना रहेगा, लेकिन ऐसा नहीं होता। “रिश्ते लगातार मेहनत मांगते हैं। उनमें समझौता, एक-दूसरे को समझना और बदलावों को स्वीकार करना पड़ता है। अगर आपको लगता है कि शादी के शुरुआती दिनों जैसा रोमांस हमेशा रहेगा, तो यह हकीकत नहीं है। रिश्ते समय के साथ बदलते और विकसित होते हैं।”
यह भी पढ़ें: जीनत अमान ने बताया अपना हिंदू नाम, मां घंटों करती थीं पूजा-पाठ लेकिन अभिनेत्री खुद नहीं हैं धार्मिक; बताई वजह
जीनत अमान इससे पहले भी बता चुकी हैं कि यही सलाह वह अपने दोनों बेटों को भी देती हैं। उनका मानना है कि शादी का फैसला लेने से पहले पार्टनर के साथ रहकर वास्तविक जीवन की परिस्थितियों को समझना जरूरी है। उनके इस नजरिए के पीछे उनकी निजी जिंदगी के अनुभव भी अहम वजह हैं।
जीनत की पहली शादी अभिनेता संजय खान से हुई थी। यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और अभिनेत्री ने इस दौरान शारीरिक हिंसा के आरोप भी लगाए थे। एक होटल में हुई चर्चित घटना में उनकी एक आंख गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में उन्होंने अभिनेता मजहर खान से शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी अच्छा नहीं रहा। जीनत पहले बता चुकी हैं कि प्रेग्नेंसी के दौरान उन्हें धोखा मिला था और इसके कारण जल्द ही वो मजहर से अलग हो गईं।
यह भी पढ़ें: ‘डॉन’ का एक सीन की शूटिंग में छूट गए थे जीनत अमान के पसीने, अमिताभ बच्चन को लेकर एक्ट्रेस का खुलासा
इससे पहले जीनत अमान ने इंस्टाग्राम पर भी लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर अपनी राय साझा की थी। उन्होंने लिखा था कि अगर कोई रिलेशनशिप में है, तो शादी से पहले साथ रहना चाहिए। यही सलाह उन्होंने हमेशा अपने बेटों को भी दी है। उनके मुताबिक, परिवार और कानूनी प्रक्रिया को रिश्ते में शामिल करने से पहले यह परख लेना समझदारी है कि दोनों वास्तव में साथ रह पाने के लिए परफेक्ट हैं या नहीं। इसके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
