Batwara 1947 First Review: सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। रिलीज से एक दिन पहले फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई, जिसमें आमिर खान, अली फजल और फिल्ममेकर रमेश तौरानी भी शामिल हुए। स्क्रीनिंग के बाद रमेश तौरानी ने फिल्म की जमकर तारीफ की और इसे बेहद संवेदनशील और इंसानियत से जुड़ी कहानी बताया।

रमेश तौरानी ने सोशल मीडिया पर आमिर खान और अली फजल के साथ थिएटर से एक तस्वीर शेयर करते हुए फिल्म का रिव्यू दिया। उन्होंने कहा कि ‘बंटवारा 1947’ एक भावुक और दिल को छू लेने वाली फिल्म है, जो मुश्किल दौर में इंसानी जज्बे और एक-दूसरे के प्रति संवेदना की अहमियत दिखाती है। उन्होंने दर्शकों से फिल्म को रिलीज के पहले ही दिन देखने की अपील की।

सनी देओल और अभिमन्यु सिंह की तारीफ

रमेश तौरानी ने फिल्म की स्टारकास्ट के अभिनय की भी खूब सराहना की। उनके मुताबिक, सनी देओल ने बेहद प्रभावशाली और दमदार परफॉर्मेंस दी है। वहीं, प्रीति जिंटा को बड़े पर्दे पर वापस देखना भी उनके लिए खास अनुभव रहा।

यह भी पढ़ें: 24 घंटे में 171% उछाल के साथ अवारापन 2 की एडवांस बुकिंग ने मचाया तहलका, बंटवारा 1947 से 4 गुना आगे

उन्होंने शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल के अभिनय की भी तारीफ की। वहीं, अभिमन्यु सिंह को विलेन के किरदार में शानदार बताया। उनके मुताबिक, अभिमन्यु ने ऐसा किरदार निभाया है, जो एक साथ दिलचस्प और बेचैन करने वाला लगता है।

राजकुमार संतोषी के निर्देशन की भी तारीफ

रमेश तौरानी ने फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि संतोषी एक बार फिर ऐसी कहानी लेकर आए हैं, जो दर्शकों के दिल और भावनाओं को छूती है। फिल्म में इंसानियत, भावनाओं और संवेदनाओं को जिस तरह पेश किया गया है, उसे उन्होंने खास बताया।

कबड्डी के खिलाड़ी और मोटिवेशनल स्पीकर संदीप डांगी ने भी फिल्म की तारीफ की और लोगों से फिल्म देखने की अपील की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सनी पाजी की आवाज़, दमदार अंदाज और 1947 के बँटवारे की दर्दनाक दास्तान… BATWARA 1947 के साथ 14 अगस्त को इतिहास फिर पर्दे पर ज़िंदा होने वाला है…”

यह भी पढ़ें: मौत से पहले धर्मेंद्र ने ‘बंटवारा 1947’ के लिए क्या कहा था, किस्सा सुनकर रो पड़े सनी देओल

क्या है ‘बंटवारा 1947’ की कहानी?

राजकुमार संतोषी की ‘बंटवारा 1947’ में कहानी उस दौर के इर्द-गिर्द घूमती है, जब देश के बंटवारे ने लाखों लोगों की जिंदगी बदल दी थी। सनी देओल फिल्म में एक ऐसे शख्स की भूमिका निभा रहे हैं, जो पाकिस्तान जाने के बाद खुद को एक मुश्किल परिस्थिति में पाता है। उसके घर में एक हिंदू महिला मौजूद है और तनाव बढ़ने के साथ उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसके कंधों पर आ जाती है। एक तरफ परिवार को बचाने की चिंता है, तो दूसरी तरफ इंसानियत का फर्ज।

फिल्म की खास बात यह भी है कि प्रीति जिंटा करीब 10 साल बाद फिल्मों में वापसी कर रही हैं। वहीं, सनी देओल पहली बार बेटे करण देओल के साथ पर्दे पर नजर आएंगे। अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी कहानी में अहम किरदार निभा रहे हैं।

आमिर खान प्रोडक्शंस की यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका सामना इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होगा। रिलीज से पहले हुई एडवांस बुकिंग में ‘आवारापन 2’ फिलहाल आगे है, जबकि ‘बंटवारा 1947’ ने पहले दिन के लिए करीब 30 हजार टिकट बेचकर लगभग 81 लाख रुपये जुटाए हैं।