सलमान खान भले ही सभी के बीच एक दबंग खान वाली इमेज के साथ पेश आते हों लेकिन बच्चों के साथ उनका व्यवहार बेहद सरल और विनम्र होता है। जो भी एक्टर को करीब से जानता है वो सलमान खान की इस खूबी से वाकिफ है। फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ में पाकिस्तानी पुलिस का किरदार निभाने वाले मनोज बख्शी ने सलमान खान से जुड़ा एक ऐसा ही मजेदार और दिल छू लेने वाला किस्सा साझा किया।
ये किस्सा सलमान खान और फिल्म में मुन्नी का किरदार निभाने वाली चाइल्ड आर्टिस्ट हर्षाली मल्होत्रा से जुड़ा है। मनोज ने बताया कि फिल्म के एक सीन के लिए कम से कम 20 बार सलमान खान ने हर्षाली के थूकने के लिए अपना हाथ आगे किया था।
यह भी पढ़ें- ‘हिंदू और सिख उंगली और नाखून की तरह हैं’; ‘सतलुज’ विवाद पर रणवीर शौरी की पंजाबी हिंदुओं से अपील
‘द वी टी शो’ में मनोज बख्शी ने ‘बजरंगी भाईजान’ से जुड़ा ये दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया कि जब एक सीन में मुन्नी को चिकन खाना था, तो फिल्म के निर्देशक कबीर खान ने मुन्नी को इंस्ट्रक्शन दिया कि वो चिकन के पीस उठाए और खाए। लेकिन कभी कोई छोटा पीस मुंह में आ जाता तो कभी बहुत बड़ा, जिस वजह से मुन्नी हस या बोल नहीं पा रही थी।
मनोज बख्शी ने बताया कि ‘वो एक पाकिस्तानी लड़की का किरदार था तो उसे चिकन खाना था, कबीर खान ने उसे चबा चबाकर चिकन खाने के लिए कहा, लेकिन वो बड़े पीस होने की वजह से सही से नहीं खा पा रही थी और उसे बार बार अपने मुंह से वो थूकना पढ़ रहा था।’
मनोज ने आगे कहा कि ‘वो छोटी बच्ची सोचती थी कि कहां फेंकू, कहां थूकूं, तो सलमान भाई को हमने देखा उसके मुंह के सामने करीब 20 बार हाथ करते हुए कि लाओ यहां थूक दो। मैंने तुरंत सलमान से कहा कि दूसरे का बच्चा है वो कुछ खा रही है और आप अपने हाथ पर थुकवा रहे हो उससे।’
यह भी पढ़ें- ‘बाघ उसकी दहाड़, नंदी उसकी शक्ति’, सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘द वन’ की रिलीज डेट से उठा पर्दा
सलमान ने इस बात के जवाब में कहा कि ‘मैं ऐसा ही हूं यार’। इस पर मनोज ने आगे पॉडकास्ट में कहा कि ग्रेटनेस है तो हैं। उसका स्वभाव वैसा नहीं है जैसा लोगों के बीच बना हुआ है। सलमान खान का इसी तरह का स्वभाव अपनी बहन अर्पिता के बच्चों के साथ भी देखा जाता है। सोशल मीडिया पर उनके साथ के कई फोटोज और वीडियोज देखने मिल जाते हैं।
‘बजरंगी भाईजान’ के सेट पर सलमान खान और हर्षाली मल्होत्रा के बीच जो अपनापन और बॉन्डिंग देखने को मिली थी, उसकी झलक पर्दे पर भी साफ नजर आई। यही वजह रही कि फिल्म दर्शकों के दिलों को छू गई और बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई। आज भी इस फिल्म को सलमान और उनकी ‘मुन्नी’ हर्षाली मल्होत्रा के खूबसूरत रिश्ते और यादगार केमिस्ट्री के लिए याद किया जाता है।
