बॉलीवुड में दबंग खान के नाम से मशहूर अभिनेता सलमान खान को उनके स्टारडम और एक्शन के लिए जाना जाता है। मगर साल 2015 में सलमान खान की एक ऐसी फिल्म आई थी जिसने लोगों की राय बदल दी थी। ये फिल्म ब्लॉकबस्टर हुई थी और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी।
हम बात कर रहे हैं कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ की। इस फिल्म में ना सिर्फ सलमान खान के सादगी और मासूमियत से भरे किरदार की तारीफ हुई थी बल्कि उनकी एक्टिंग की भी खूब सराहना हुई थी। कई लोगों ने इसे सलमान खान के करियर की सबसे बेहतरीन एक्टिंग तक कहा।
‘बजरंगी भाईजान’ की स्टार कास्ट
2015 में रिलीज हुई ‘बजरंगी भाईजान’ का निर्देशन कबीर खान ने किया था। इस फिल्म में सलमान खान के साथ करीना कपूर, हर्षाली मल्होत्रा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी अहम रोल में थे। फिल्म में मुन्नी का रोल निभाने वाली हर्षाली ने अपनी मासूमियत से लोगों का दिल जीत लिया था।
फिल्म की कहानी
‘बजरंगी भाईजान’ की कहानी एस एस राजामौली के पिता वी. विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी है। ये कहानी एक ऐसे इंसान की है जो एक पाकिस्तानी गुमशुदा बच्ची को उसके घर पहुंचाने का जिम्मा उठाता है। वो बच्ची बोल भी नहीं पाती है इसलिए उसे उसके घर पहुंचाना और भी मुश्किल था। मगर सलमान का किरदार पवन कैसे ये कर पाता है, ये इस फिल्म में दिखाया गया है।
सलमान खान की एक्टिंग की खूब तारीफ
फिल्म की इमोशनल और इंसानियत से भरी कहानी ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया। सलमान खान की एक्टिंग की खूब तारीफ हुई। पवन के सादे और इमोशनल किरदार में सलमान जिस तरह से ढले थे वो काबिले तारीफ था।
बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता
फिल्म ने भारत और विदेशों में जबरदस्त कमाई की। बजरंगी भाईजान उस साल की सबसे बड़ी बॉलीवुड हिट फिल्मों में शामिल रही। 75 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने देश-विदेश में मिलाकर 918.18 करोड़ की कमाई करके इतिहास रच दिया।
इस फिल्म को दर्शकों के साथ क्रिटिक्स का भी खूब प्यार मिला और अच्छे रिव्यूज मिले। कई क्रिटिक्स ने इसे सलमान खान के करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्म कहा।
रिलीज के सालों बाद भी ‘बजरंगी भाईजान’ को सलमान खान की सबसे दिल छू लेने वाली फिल्मों में गिना जाता है।
अनुराग डोभाल के एक्सीडेंट के बाद मैनेजर ने रखा पक्ष; प्रॉपर्टी से बेदखल होने और दहेज केस पर बोले
