रैपर-सिंगर बादशाह और पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी ने मार्च में शादी की और लगभग 5 महीने बाद ही एक-दूसरे से अलग होने का ऐलान भी कर दिया। कपल ने सोमवार को सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि वह अलग हो रहे हैं। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी इसके पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया। अब सोशल मीडिया पर ईशा का एक पुराना इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें वह बादशाह की तारीफ करते हुए नजर आ रही हैं।
जब ईशा ने बादशाह को बताया जमीन से जुड़ा इंसान
बता दें कि ईशा रिखी और बादशाह ने साल 2019 में आई फिल्म ‘दो दूनी पंज’ में साथ काम किया था। इस मूवी को बादशाह ने प्रोड्यूस किया था, जबकि ईशा इसमें नजर आई थीं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान दोनों ने पीटीसी पंजाबी को एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें ईशा से बादशाह की खूबियों के बारे में पूछा गया था।
यह भी पढ़ें: ‘विक्टिम कार्ड खेलना चाहती हैं’, पत्नी अपरा के आरोपों पर दर्शन जरीवाला ने तोड़ी चुप्पी
जब ईशा से पूछा गया कि उन्हें बादशाह की कौन-सी बातें पसंद हैं, तो उन्होंने कहा था, “मैं उन्हें चार-पांच साल से जानती हूं। पहले एक रैपर को लेकर हमारे मन में जो सोच होती है, मुझे भी लगता था कि कैमरे के सामने जैसी उनकी पर्सनैलिटी दिखती है, वह असल जिंदगी में भी वैसे ही होंगे। लेकिन वह बिल्कुल अलग हैं। वह बहुत स्वीट, जमीन से जुड़े और सच्चे इंसान हैं।”
ईशा ने आगे कहा, “बतौर प्रोड्यूसर भी वह बहुत समझदार हैं। अब हमने साथ में एक फिल्म की है और एक बार भी मुझे यह सुनने को नहीं मिला कि हमारा बजट नहीं है या यह नहीं हो सकता, यही सबसे अच्छी बात है। फिर सबसे बड़ी बात है कि दूसरों के लिए सोचते हैं, तो वह मेरी सोच मेरी काम करने के बाद बदली है। जब आप इतने बड़े हो जाते हैं तो आपको लगता है कि आप स्टार हैं, लेकिन वह ऐसे नहीं हैं। वह बहुत अच्छे इंसान हैं।”
तलाक लेने वाले हैं ईशा और बादशाह
सोमवार को दोनों ने जो पोस्ट किया, उसमें लिखा था, “मैं और ईशा आपसी सहमति से अलग होने और अपनी राह पर आगे बढ़ने का फैसला कर चुके हैं। यह फैसला हमने एक-दूसरे के सम्मान के साथ लिया और हम सभी से इस समय हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील करते हैं। इस मामले पर यह हमारा एकमात्र बयान होगा। हम सभी से ईमानदारी से अनुरोध करते हैं कि हमारे रिश्ते को लेकर किसी तरह की अटकलें या अनुमान न लगाए जाएं।”
यह भी पढ़ें: 800 रुपये रोज की कमाई, KBC में 1 करोड़ तक पहुंचे टाइल लगाने वाले कृष्ण कुमावत, इस सवाल पर छोड़ दिया खेल
