सिंगर बादशाह अपने नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस गाने के बोल और वीडियो को लेकर बहुत से लोगों ने आपत्ति जताई थी और फिर रैपर पर एफआईआर भी हुई। हालांकि, अब मंगलवार को उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से माफी मांगी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करने का वादा किया और कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 50 लड़कियों की पढ़ाई का खर्च भी उठाएंगे।
‘टटीरी’ गाने के लिए बादशाह ने मांगी माफी
बता दें कि आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया यानी ‘बादशाह’ पिछले महीने अपने गाने ‘टटीरी’ के रिलीज के बाद विवाद में आए थे। गाने को लेकर दर्ज मामले में वह आयोग के सामने पेश हुए। इस सुनवाई में डायरेक्टर जोबन संधू, महावीर सिंह और प्रोड्यूसर हितेन भी मौजूद थे। सुनवाई की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन विजया राहटकर ने की, उन्होंने कहा कि गाने के बोल और प्रस्तुति से महिलाओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची है।
यह भी पढ़ें: ‘मैं उनके पेट पूजन के लिए काम करूं या…’, अमिताभ बच्चन ने माना था बच्चों के लिए नहीं निकाल पाते समय
विजया राहटकर ने महिलाओं की गरिमा को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई और सभी संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने आयोग के सामने बिना शर्त लिखित माफी दी और समाज को हुए नुकसान पर अफसोस जताया।
बादशाह उठाएंगे 50 लड़कियों की शिक्षा का खर्च
बादशाह ने आयोग से कहा कि वह महिलाओं और समाज के के लिए काम करेंगे और अगले 4 महीनों में महिलाओं के सशक्तिकरण पर एक सकारात्मक गाना बनाएंगे। सिंगर ने कहा, “मैं महिलाओं और समाज के लिए काम करूंगा। चार महीने के अंदर महिलाओं के सशक्तिकरण पर एक अच्छा गाना पेश करूंगा और भविष्य में ऐसी किसी गतिविधि में शामिल नहीं रहूंगा।”
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की 50 लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाएंगे। फिर आयोग ने कहा कि सभी पक्षों ने उसे आश्वासन दिया कि वे भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहेंगे। बता दें कि उनका यह गाना पहले ही यूट्यूब से हटाया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: ’11 दिनों में 14 गाने’, ‘धुरंधर 2’ के लिए शाश्वत सचदेव के काम पर आदित्य धर ने की तारीफ
