हिंदी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस नीतू कपूर उनमें से हैं, जिनकी पहचान उनकी फिल्मों से नहीं, बल्कि उनके जीवन के सफर से भी है। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में की थी। आज उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में 6 दशक से अधिक हो चुके हैं। उनके जन्मदिन पर उनके जीवन के सफर पर एक नजर डालते हैं।
1960 के दशक में नीतू ने बतौर बाल कलाकार फिल्मों में काम करना शुरू किया और 1970 के दशक में बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में अपनी जगह बनाई। शादी के बाद फिल्मों से लंबा ब्रेक लिया, परिवार को प्राथमिकता दी और फिर सालों बाद दमदार वापसी कर यह साबित किया कि असली सितारों की चमक कभी फीकी नहीं पड़ती।
बचपन में ही शुरू हो गया था अभिनय का सफर
8 जुलाई 1958 को दिल्ली में जन्मीं नीतू कपूर का असली नाम हरनीत कौर है। उन्होंने बेहद कम उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। नीतू कपूर ने 1966 में फिल्म ‘सूरज’ बेबी सोनिया नाम की छोटी बच्ची का किरदार निभाया था। इसके बाद वह 1968 में आई फिल्म ‘दो कलियां’में दोहरी भूमिका (डबल रोल) निभाकर काफी लोकप्रिय हुईं।
उन्हें बाल कलाकार के रूप में ‘बेबी सोनिया’ के नाम से जाना जाता था। उन्होंने 1960 के दशक में कई फिल्मों में छोटे-छोटे किरदार निभाए और बहुत कम उम्र में ही कैमरे और फिल्मी दुनिया से परिचित हो गईं।
यह भी पढ़ें: वह मुझे रोज रुलाते फिर भी मैं साथ रहना चाहती थी- ऋषि कपूर के लिए बोली थीं नीतू कपूर, कुछ ऐसी थी शादी-शुदा जिंदगी
फिर बनीं हिंदी फिल्मों की मशहूर हीरोइन
बाल कलाकार के रूप में पहचान बनाने के बाद नीतू ने किशोरावस्था में बतौर मुख्य अभिनेत्री कदम रखा। 1973 में रिलीज हुई फिल्म ‘रिक्शावाला’ में उन्होंने पहली बार लीड रोल निभाया। इसके बाद उनका करियर तेजी से आगे बढ़ा और उन्होंने उस दौर के लगभग सभी बड़े सितारों के साथ काम किया।
70 के दशक की सबसे चहेती अभिनेत्री
1970 का दशक नीतू कपूर के करियर का स्वर्णिम दौर साबित हुआ। उनकी चुलबुली अदाकारी, सहज अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने ‘खेल खेल में’, ‘रफू चक्कर’, ‘कभी-कभी’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘धरम वीर’, ‘परवरिश’, ‘याराना’ और ‘द ग्रेट गैम्बलर’ जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया।
यह भी पढ़ें: ‘वो कुछ ज्यादा ही…’, जब डिंपल कपाड़िया संग ऋषि कपूर की नजदीकियां देख भड़क गई थीं नीतू कपूर
पर्दे की जोड़ी बनी जीवनसाथी
नीतू कपूर और ऋषि कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने पर्दे पर खूब पसंद किया। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया और इसी दौरान उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। 22 जनवरी 1980 को दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद नीतू कपूर ने फिल्मों से लगभग दूरी बना ली और परिवार व बच्चों, रिद्धिमा कपूर साहनी और रणबीर कपूर की परवरिश पर ध्यान दिया।
यह भी पढ़ें: ऋषि कपूर के निधन के बाद फिल्मों में वापसी नहीं करना चाहती थीं नीतू कपूर, इस वजह से लगता था डर
लंबे ब्रेक के बाद दमदार वापसी
करीब तीन दशक तक फिल्मों से दूर रहने के बाद नीतू कपूर ने 2009 में ऋषि कपूर के साथ फिल्म ‘लव आज कल’ में एक विशेष भूमिका निभाई। इसके बाद 2010 में ‘दो दूनी चार’ में पति-पत्नी की जोड़ी के रूप में दोनों ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं और फिल्म को खूब सराहना मिली। बाद के वर्षों में उन्होंने ‘बेशर्म’, ‘जुगजुग जियो’ और ‘लेटर्स टू मिस्टर खन्ना’ जैसी फिल्मों में भी काम किया।
मुश्किल दौर में दिखाई मजबूती
30 अप्रैल 2020 को ऋषि कपूर के निधन के बाद नीतू कपूर ने खुद को संभाला और काम पर लौटकर एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने अपनी पेशेवर जिंदगी को फिर से आगे बढ़ाया और कई टीवी शोज व फिल्मों में सक्रिय रहीं। आज वह न सिर्फ एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि अपने परिवार की मजबूत स्तंभ के रूप में भी देखी जाती हैं।
