Awarapan 2: साल 2007 में आई इमरान हाशमी और श्रेया शरण स्टारर मूवी ‘आवारापन’ के दूसरे पार्ट ‘आवारापन 2’ का लोगों को बड़ी बेसब्री से इंतजार है। पिछले काफी समय से यह फिल्म चर्चा में बनी हुई है और अब मेकर्स ने ‘आवारापन  2’ का टीजर जारी कर दिया है। जिसमें एक बार फिर अभिनेता का पुराना अंदाज देखने को मिला। जहां पहले पार्ट का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था, वहीं दूसरे पार्ट को नितिक कक्कड़ ने डायरेक्ट किया है और विशेष भट्ट इसके निर्माता हैं।

फिल्म में इमरान हाशमी के साथ अभिनेत्री दिशा पाटनी नजर आएंगी। यह मूवी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘आवारापन  2’ के म्यूजिक की कमान मिथून और सईद कादरी ने संभाली है। ऐसे में एक बार फिर दर्शकों को ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता’ जैसे गाने सुनने को मिलेंगे। चलिए अब आपको बताते हैं कि आखिर इसके टीजर में क्या देखने को मिला है और यूजर्स ने इस पर कैसा रिएक्शन दिया है।

यह भी पढ़ें: ‘मैं अपनी आजादी…’, क्या दोबारा प्यार में पड़ेंगी आकांक्षा चमोला, गौरव खन्ना से तलाक की घोषणा के बाद एक्ट्रेस ने कही ये बात

कैसा है ‘आवारापन 2’ का टीजर

‘आवारापन 2’ के टीजर की शुरुआत इमरान हाशमी के किरदार से होती है, जो बाइक चला रहा है और दमदार डायलॉग बोलता है कि कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी दूसरे के लिए लिखी जाती है। इसके बाद उन्हें आवारापन में श्रेया शरण के किरदार आलिया हामिद को श्रद्धांजलि देते हुए दिखाया गया है।

वहीं, इस टीजर में दिशा पाटनी, शबाना आजमी और कई कलाकारों की झलक भी दिखाई गई। टीजर का अंत भी इमरान हाशमी की लाइन के साथ खत्म होता है कि इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या मैं।

यूजर्स ने दिया ऐसा रिएक्शन

‘आवारापन 2’ का टीजर देखने के बाद लोगों ने इस पर अपने रिएक्शन भी दिए हैं। एक शख्स ने लिखा, “कुछ पल के लिए मुझे ऐसा लगा जैसे मैं 2007 में अपनी जिंदगी फिर से जी रहा हूं। रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव।” एक अन्य ने लिखा, “जैसा सोचा था उससे भी बेहतर टीजर है।” तीसरे ने लिखा, “बड़े दिन बाद फर्स्ट डे फर्स्ट शो वाली फिल्म आ रही है सुपरहिट है।”

यह भी पढ़ें: क्या किसिंग सीन के दौरान कंगना रनौत ने काट लिए थे वीर दास के होंठ, अब अभिनेता ने खुद बताई सच्चाई