Awarapan 2 vs Batwara 1947 Box Office Collection Day 1: 14 अगस्त 2026 को बॉलीवुड की दो बड़ी फिल्मों ने सिनेमाघरों में दस्तक दी। दर्शकों के बीच दोनों ही फिल्मों के लिए अच्छा खासा बज देखा गया लेकिन इमरान हाशमी की ‘अवारापन 2’ और सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में काफी अंतर देखा गया है।
जहां एक तरफ फिल्म ‘अवारापन 2’ इमरान हाशमी के करियर की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बनी तो वहीं दूसरी तरफ सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ को 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना भी काफी भारी लगा। चलिए बताते हैं दोनों फिल्मों ने पहले दिन कितने रुपये की कमाई की।
यह भी पढ़ें- Awarapan 2 Review: इमरान हाशमी ने ‘शिवम पंडित’ बनकर फिर जीता दिल, लेकिन कमजोर कहानी ने बिगाड़ा खेल
अवारापन 2 ने पहले दिन कितने कमाए
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ‘अवारापन 2’ ने शुक्रवार को भारत में 21 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह फिल्म देशभर में 9,033 शोज में रिलीज हुई। वहीं, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 27.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
पहले दिन ‘अवारापन 2’ की सिनेमाघरों में कुल ऑक्यूपेंसी 45.73% रही। सुबह के शोज में 22.62%, दोपहर में 35.46%, शाम के शोज में 46%, जबकि नाइट शोज में सबसे ज्यादा 74.31% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में फिल्म ने 858 शोज के साथ 58.5% ऑक्यूपेंसी दर्ज की। इसके अलावा मुंबई में 687 शोज के दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी 39.5% रही।
‘बंटवारा 1947’ ने पहले दिन कितने कमाए
पहले दिन सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ ने बॉक्स ऑफिस पर 5.75 करोड़ रुपये का इंडिया में नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने देशभर में 8,721 शोज के जरिए यह कमाई दर्ज की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 6.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने 1.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इस तरह ‘बंटवारा 1947’ का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 8.34 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म के लिए भारत में सिनेमाघरों में कुल 15% ऑक्यूपेंसी रही।
‘अवारापन 2’ की कहानी
‘अवारापन 2’ साल 2007 में आई फिल्म ‘अवारापन’ का सीक्वेल है। इमरान हाशमी की कल्ट फिल्म के दूसरे पार्ट को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ सिनेमाघरों में देखी गई। फिल्म में इमरान हाशमी के अलावा दिशा पाटनी, शबाना आजमी भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शुरूआत उसी अधूरी प्रेम कहानी से होती है, लेकिन इस बार शिवम पंडित (इमरान हाशमी) को पहले से ज्यादा घातक देखा गया है।
‘बंटवारा 1947’ की कहानी
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ की कहानी भारत-पाकिस्तान के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस बार सनी देओल एक्शन से ज्यादा इमोशन्स से कमाल करते दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में सनी देओल के अलावा प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल जैसे कलाकार दिखाई दिए हैं।
