टीवी एक्ट्रेस अविका गौर पिछले 5 दिनों से तेज बुखार से जूझ रही थीं , जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। तेज बुखार में भी एक्ट्रेस ने अपनी वर्क कमिटमेंट्स को पूरा किया और इस बात का खुलासा करते हुए उनक पति ने बताया कि वह इस हालत में भी काम कर रही थीं।

दरअसल, अविका गौर की डेंगू के कारण इतनी तबीयत खराब हुई। उनके पति मिलिंद चंदवानी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मैसेज के साथ फैंस को इस बात की खबर दी। उन्होंने कहा कि अविका को डेंगू हुआ है, इसके बावजूद वो काम को पूरा करने के बाद अस्पताल जाने के लिए मानी।

यह भी पढ़ें- बीमार बेटी को तड़पता देख अंदर से टूट गए थे राकेश रोशन, सालों बाद सुनाई आपबीती, बोले- चुपचाप प्रार्थना करता था

5 दिनों से 104 डिग्री बुखार

वीडियो में मिलिंद ने कहा- “अविका पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें लगातार पांच दिनों से 103-104 डिग्री बुखार था। इसके बावजूद उन्होंने इन पांच दिनों में भी काम करना जारी रखा। वह एक प्रोजेक्ट की बची हुई दो दिनों की शूटिंग पूरी करने पहुंचीं। हैरानी की बात यह है कि 104 डिग्री बुखार में भी उन्होंने इतनी शानदार परफॉर्मेंस दी कि टीम ने दो दिन का बचा शूट सिर्फ एक ही दिन में पूरा कर लिया।”

अविका का खाना और चलना भी हुआ मुश्किल

मिलिंद बताते हैं कि, “इसके बाद वह वापस आईं और उन्हें दो दिन का ब्रेक मिला। इन दोनों दिनों में वह पूरा समय बिस्तर पर ही रहीं। दवाइयां लेने के बावजूद उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी और ठीक से खाना भी नहीं खा पा रही थीं। लेकिन अपनी कमिटमेंट की वजह से वह उसी बुखार में दिल्ली गईं और एक ऐड शूट किया। इससे पहले उन्होंने अपना टेस्ट भी कराया था।”

यह भी पढ़ें- ‘सतलुज’ के नुकसान की भरपाई के लिए गुरुद्वारों ने उठाया बड़ा कदम, निर्देशक हनी त्रेहान का दावा

अविका को हुआ डेंगू

“मुंबई लौटने के बाद जब रिपोर्ट देखी गई तो पता चला कि उन्हें डेंगू है। मैंने उन्हें कई बार समझाया कि प्रोड्यूसर्स उनकी स्थिति समझेंगे और शूट आगे बढ़ाया जा सकता है। लेकिन वह लगातार कहती रहीं, ‘किसी का नुकसान होगा, किसी का समय खराब होगा और किसी के पैसे लगेंगे। मैं ऐसा नहीं चाहती। मैं जितना कर सकती हूं, उतना करूंगी।’”

इस पूरी परिस्थिति को देखते हुए मिलिंद ने अविका की तारीफ की और उनके जल्द ठीक होने की दुआ भी मांगी। उनकी टीम मेंबर ने बताया कि “दिल्ली में हुए शूट के दौरान एक्ट्रेस की तबीयत ठीक नहीं थी, वो सही से कुछ खा नहीं पा रही थीं और पूरा समय बस ओआरएस के बल पर काम कर रही थीं।” फिलहाल उनके फैंस उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।