सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का आज 19वां दिन है और अब उनका साथ देने के लिए एक्टर अतुल कुलकर्णी ने भी ऐलान किया कि वह एक दिन की भूख हड़ताल करेंगे। अभिनेता ने कहा कि उनका यह फैसला सोनम वांगचुक और उनके जारी आंदोलन के प्रति एकजुटता और समर्थन का प्रतीक है।
साथ ही उन्होंने अधिकारियों से इस मुद्दे पर सार्थक और सकारात्मक बातचीत शुरू करने की अपील भी की। एक्टर ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इस बात की जानकारी दी है।
यह भी पढ़ें- ‘सलमान जैसा कोई नहीं हो सकता’, करिश्मा कपूर ने बताया ‘ओ ओ जाने जाना’ गाने की शूटिंग से जुड़ा अनसुना और दिलचस्प किस्सा
एक्टर का कहना कि सरकार को उनके मुद्दों पर शांति से बातचीत करनी चाहिए। करीब दो मिनट के इस वीडियो को साझा करते हुए एक्टर ने लिखा- ‘संवाद प्रजातंत्र की आत्मा है।’ साथ ही अतुल कुलकर्णी ने अपने वीडियो में कहा, ‘कल 16 जुलाई को मैं अपने ही घर से एक दिन का अनशन कर रहा हूं।’
उन्होंने कहा कि ‘इस अनशन के दो कारण है, पहला कि जिस दर्द से सोनम वांगचुक जी और उनके साथी गुजर रहे हैं, मैं उस दर्द से जुड़ना चाहता हूं और दूसरी बात, हमारी सरकार से मैं विनती करना चाहता हूं कि वो अपनी संवेदनशीलता को प्रकट करें।’
अतुल कुलकर्णी ने आगे कहा, ‘सोनम जी और उनके साथियों को लगता है कि बहुत ही कोई दर्दनाक कारण है, जिनकी वजह से उनकी कुछ मांगे हैं लेकिन जाहिर सी बात है कि हमारी सरकार को ऐसा लगता है कि वो कारण सही नहीं है और उनकी मांगे बिल्कुल सही नहीं हैं। मैं ये बिल्कुल मानने को तैयार नहीं हूं, कि हमारी सरकार असंवेदनशील है क्योंकि कई बार हम लोगों ने अपनी सरकार को भावुक होते हुए देखा है।’
यह भी पढ़ें- ‘सीता के पति का नाम लेकर…’, सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे कुणाल कामरा ने सरकार पर साधा निशाना, भड़के लोग
‘जनता को जो दर्द है, उससे जुड़ते हुए देखा है लेकिन इस मामले में शायद कुछ गलतफहमियां है, जिसकी वजह से ये संवेदनशीलता प्रकट नहीं हो रही हैं, एक संवाद नहीं हो रहा है।’ एक्टर ने कहा
अतुल कुलकर्णी ने सरकार से अपील करते हुए कहा ‘ये संवाद वो तुरंत शुरू करें। अगर आपको ये कारण सही लगते हैं और अगर सोनम जी और उनके साथी जिस दर्द से गुजर रहे हैं, उस दर्द से आप जुड़ाव महसूस करते हैं तो इस रील को शेयर करें।’
एक्टर ने अपने एक दिन के अनशन की कोशिश के लिए लोगों से साथ मांगा और वीडियो के अंत में उन्होंने सभी का धन्यवाद किया। एक्टर ने सरकार से निवेदन किया कि वो खुलकर इस पर शांति से बातचीत करें। बता दें कि सोनम वांगचुक के इस अनशन को खत्म करने के लिए कई सेलेब्स ने उनसे आग्रह किया।
इनमें जीनत अमान, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक, शबाना आजमी, सोनी राजदान, अभय देओल, अनुराग कश्यप और प्रकाश राज जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी ने सरकार से वागंचुक की मांगों पर विचार करने और बातचीत से समस्या का हल निकालने की अपील की है।
