पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने भारत में अपने करीब 10 साल से लगे बैन पर खुलकर बात की है। भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगी पाबंदियों के बीच सिंगर ने बताया कि उनके भारतीय फैंस आज भी अलग-अलग तरीकों से उनका म्यूजिक सुनते हैं। आतिफ ने यह भी कहा कि भारत से दूर रहने का यह दौर उनके लिए मुश्किल जरूर था, लेकिन इसी ने उन्हें खुद का म्यूजिक बनाने और एक कलाकार के तौर पर खुद को और बेहतर समझने का मौका दिया।
पाकिस्तान में भी भारतीय कलाकारों पर बैन
क्रिस फेड के साथ बातचीत में आतिफ असलम ने कहा, “भारत में मुझे बैन हुए करीब 10 साल हो गए हैं। यह भारत सरकार का फैसला था। उन्होंने पाकिस्तान के कलाकारों पर बैन लगाने का फैसला किया था। अब पाकिस्तान में भी भारतीय कलाकारों पर बैन है।”
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद 2016 में पाकिस्तानी कलाकारों के लिए हालात और मुश्किल हो गए थे। इसी साल गुरुग्राम में आतिफ असलम का एक कॉन्सर्ट भी कैंसिल कर दिया गया था। जिला प्रशासन ने आयोजकों को कार्यक्रम टालने की सलाह दी थी।
उस समय राजनीतिक संगठनों ने भी भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के कार्यक्रमों का विरोध किया था। सितंबर 2016 में इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने भी एक प्रस्ताव पास किया था, जिसमें भारत-पाकिस्तान के रिश्ते बेहतर होने तक पाकिस्तानी कलाकारों, एक्टर्स और टेक्नीशियन्स को काम न देने की बात कही गई थी।
2019 में पाबंदियां हुईं और सख्त
2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद ये पाबंदियां और सख्त हो गईं। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने पर बैन का ऐलान किया था। आतिफ असलम ने बताया कि भारत में कई सालों से कोई गाना रिलीज नहीं करने के बावजूद उनका म्यूजिक आज भी भारतीय फैंस तक पहुंच रहा है।
सिंगर ने कहा, “पिछले 10 साल से मैंने वहां कोई गाना नहीं किया है। मेरे फैंस वीपीएन के जरिए मेरा म्यूजिक सुन रहे हैं और सीडी बनाकर लोगों को दे रहे हैं। मैं पाइरेसी को सही नहीं मानता, लेकिन म्यूजिक जहां पहुंचना होता है, वहां पहुंच जाता है।”
उन्होंने इसे अपने करियर के शुरुआती दिनों से भी जोड़ा, जब उनका म्यूजिक सीडी, कैसेट और रेडियो के जरिए लोगों तक पहुंचा था। सिंगर ने कहा, “इस तरह मेरा पहला सिंगल रिलीज हुआ। किसी को पता नहीं था कि वह लड़का कौन है। गाना मशहूर हो गया। यह रेडियो, CD और कैसेट पर बहुत हिट हुआ।”
आतिफ ने भारतीय फैंस को किया याद
आतिफ असलम ने उन भारतीय फैंस के लिए भी एक मैसेज दिया जो देश से दूर रहने के बावजूद उन्हें सपोर्ट करते रहे हैं। सिंगर ने कहा, “यह ठीक है कि आप कुछ खास आर्टिस्ट्स को सुनते हैं, लेकिन मुझे यकीन है कि अगर आप मुझे सच में पसंद करते हैं, तो आप जानते होंगे कि मुझे कहां ढूंढना है। अगर आपको मेरा म्यूजिक पसंद है, तो आप जानते होंगे कि मुझे कहां ढूंढना है। मेरा म्यूजिक आप तक जरूर पहुंचेगा।”
आतिफ ने कहा कि वह नहीं चाहते कि उनके फैंस इस बात से निराश हों कि वे उन्हें भारत में काम करते हुए नहीं देख पा रहे हैं। सिंगर ने कहा, “इस बात का बुरा न मानें, उदास न हों। मैं हमेशा से आपको बताना चाहता था कि मैं आप लोगों को बहुत याद करता हूं। मुझे वहां काम करना तो याद नहीं आता, लेकिन आप लोगों की याद जरूर आती है।”
आतिफ असलम के लिए इस अनुभव का एक अनपेक्षित फायदा भी हुआ। उन्होंने कहा कि प्लेबैक सिंगिंग से दूर रहने के कारण उन्हें अपना खुद का संगीत बनाने की प्रेरणा मिली। सिंगर ने कहा, “मैंने प्लेबैक सिंगिंग से बहुत कुछ सीखा है और अगर यह बैन न लगा होता, तो मुझे नहीं लगता कि मैं अपना खुद का संगीत बना पाता। इसलिए मैं इसके लिए भी आप लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं।”
आतिफ ने उन फैंस का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनके काम को लगातार सपोर्ट किया है। सिंगर ने कहा, “मैं सच में इस बात की तारीफ करता हूं कि आप लोग मेरे साथ खड़े रहे। आप मेरे कॉन्सर्ट और एल्बम पर इतना प्यार बरसाते हैं और मेरे गानों को पसंद करते हैं। मैं उन लोगों का भी शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मुझ पर बैन लगाया, वरना मैं खुद को एक्सप्लोर नहीं कर पाता।”
यह भी पढ़ें: श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ की बदली रिलीज डेट, यश की ‘टॉक्सिक’ से टला क्लैश, 4 दिसंबर को होगी रिलीज
