भारतपे के पूर्व एमडी और एंटरप्रेन्योर अशनीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर इस वक्त ‘लॉक अप’ के सीजन 2 में नजर आ रही हैं। इस शो में उन्होंने गरीबी और अमीरी को लेकर कुछ ऐसा कह दिया जिसे लेकर उनकी आलोचना हो रही है। जिसके बाद एक्स पर कंटेंट क्रिएटर नलिनी उनागर ने अशनीर को उनकी लगभग 900 करोड़ की संपत्ति दान देने की सलाह की है।
अशनीर की पत्नी माधुरी का बयान
दरअसल माधुरी को लॉक अप 2 में बने रहने के लिए अपना एक सीक्रेट बताना था। जिस पर उन्होंने बताया कि वो और अशनीर हमेशा से तीसरा बच्चा चाहते थे, लेकिन परिवार के कारण उन्होंने ऐसा नहीं किया। माधुरी ने ये भी कहा था, “तीसरा बच्चा आपको जवान बनाए रखता है। शाहरुख खान समेत कई अमीर लोगों के तीन बच्चे हैं। ‘हम दो, हमारे दो’ का नियम हर किसी पर लागू नहीं होता। जितने ज्यादा अमीर लोग बच्चे पैदा करेंगे, उतनी अमीरी बढ़ेगी और गरीब ज्यादा बच्चे पैदा करेंगे तो गरीबी बढ़ेगी।”
उनके इस बयान के लिए सोशल मीडिया पर उन्हें खरी खोटी सुनाई जा रही है। इसी बीच कंटेंट क्रिएटर नलिनी उनागर ने एक्स पर अशनीर ग्रोवर को टैग करते हुए लिखा कि अगर गरीबी की वजह गरीब परिवारों के ज्यादा बच्चे होना है, तो अशनीर अपनी अनुमानित 900 करोड़ रुपये की संपत्ति में से करीब 1,800 परिवारों को 50-50 लाख रुपये दे दें। उनका कहना था कि ऐसा करने से हजारों बच्चों का पालन-पोषण बेहतर तरीके से हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: ‘अगर गरीब बच्चे पैदा करेंगे तो गरीबी बढ़ेगी’, Lock Upp में ये बात बोलकर बुरा फंसी अश्नीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी
नलिनी ने लिखा, “प्रिय अशनीर ग्रोवर, आपकी पत्नी ने हाल ही में कहा कि अगर गरीब लोग ज्यादा बच्चे पैदा करते हैं, तो गरीबी बढ़ती है। अगर ऐसा है, तो आप अपनी लगभग 900 करोड़ रुपये की संपत्ति 1,800 परिवारों में बांट दीजिए और हर परिवार को 50 लाख रुपये दे दीजिए। इससे उन परिवारों के 3,200 बच्चों का पालन-पोषण अच्छे से हो सकेगा। फिर सिर्फ अपने दो बच्चों के लिए 900 करोड़ रुपये क्यों संभालकर रखे हैं? गरीबी खत्म करने के लिए अपनी पूरी संपत्ति दान कर दीजिए, फिर हिमालय जाकर संन्यासी बन जाइए। साथ ही अपने अमीर दोस्तों से भी यही करने को कहिए, ताकि गरीबी जल्द खत्म हो सके।”
इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए अशनीर ग्रोवर ने लिखा, “भीख/चंदा मांगने का तरीका थोड़ा कैजुअल है। बीवी ने ज्ञान दे दिया है पहले ही। इतने में इतना ही मिलेगा।”
इसके बाद यह बहस और तेज हो गई। एक यूजर ने लिखा, “मैडम ग्रोवर तो कमाल कर रही हैं। उनका दिमाग कितना तेज है। शो के सभी प्रतियोगियों में मुझे वही सबसे ज्यादा पसंद हैं।”
वहीं, एक अन्य यूजर ने तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा, “अगर बेशर्मी का कोई चेहरा होता, तो वह आपका होता। आपकी पत्नी फैशन डिजाइन की पढ़ाई करने के बावजूद भारतपे में इंटरनल कंट्रोल्स ऑफिसर बनाई गई थीं। बाद में उन पर फर्जी एचआर बिल और बढ़े-चढ़ाकर बनाए गए वेंडर इनवॉइस से जुड़े आरोप भी लगे थे।”
