बीते साल समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर काफी कॉन्ट्रोवर्सी हुई थी। दरअसल, एक एपिसोड में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने माता-पिता को लेकर अश्लील कमेंट कर दिया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था। अब लंबे समय के बाद यूट्यूबर आशीष चंचलानी ने इस पर एक बार फिर खुलकर बात की है।

उन्होंने बताया है कि उस समय किस तरह से विवाद बढ़ा और उसके बाद क्या-क्या असर देखने को मिले। सिर्फ इतना ही नहीं, आशीष ने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान उन्होंने रणवीर को समझाने की कोशिश भी की थी। चलिए आपको विस्तार से बताते हैं उन्होंने क्या कहा।

यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा ने पार्टी में डिमोशन के बाद उठाए पुराने संसदीय मुद्दे तो प्रियंका चोपड़ा ने दिया साथ, वीडियो पर किया कमेंट

क्या बोले आशीष चंचलानी

प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट पर बात करते हुए आशीष चंचलानी ने कहा कि यह गुस्सा सिर्फ उनके एपिसोड तक सीमित नहीं था, बल्कि यह काफी समय से पनप रहा था। उन्होंने कहा, “हममें से जो भी लोग उस शो में थे या हमसे पहले जो लोग थे, उस शो में पहले से ही बहुत सी अश्लील बातें हो चुकी थीं। मेरा मानना ​​है कि ‘लेटेंट’ के खिलाफ जो गुस्सा पनप रहा था, वह हमारे एपिसोड के दौरान फूट पड़ा। पहले भी ऐसी चीजें होती रही थीं और पहले भी विवाद हो चुके थे।”

इसके आगे उन्होंने बताया कि वह एपिसोड नवंबर में शूट हुआ था और फरवरी में रिलीज हुआ था और उन्हें शुरू में अंदाजा नहीं था कि इसका इतना ज्यादा विरोध होगा। आशीष ने कहा, “मैं ‘एकाकी’ की शूटिंग कर रहा था। शाम को जब मेरी शूटिंग खत्म हुई, तो मेरे भाई ने मुझे बताया कि एक्स पर एक क्लिप वायरल हो गई है। मैंने शुरू में इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। मुझे लगा कि रणवीर को निशाना बनाया जाएगा, मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी।”

कूल बनने की कोशिश कर रहे थे रणवीर इलाहाबादिया

रणवीर इलाहाबादिया का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा, “जब हम वहां थे, तब भी रणवीर कूल बनने की कोशिश कर रहे थे और कह रहे थे कि वो मस्ती करेंगे। उन्होंने कई बातें मजाक में कहीं। मैंने ब्रेक के दौरान उन्हें कहा भी था कि रणवीर, थोड़ा कंट्रोल करो, ये सही समय नहीं है,  लेकिन उनका कहना था कि वहां हर कोई खुलकर आता है, फन मूड में आता है।”

आशीष ने आगे बताया, “जैसे-जैसे विवाद कानूनी कार्रवाई तक पहुंचा आशीष चंचलानी सबसे पहले पुलिस के सामने पेश हुए थे। इसे लेकर उन्होंने कहा, “जब मामला हुआ, तब यहां कोई नहीं था। समय रैना अमेरिका में थे, रणवीर छिप गए थे और अपूर्वा मुखीजा भी गायब हो गई थीं। बांद्रा में पुलिस मुझे ही जानती थी, क्योंकि वे मेरे पिता को जानते थे। उन्होंने हमें थाने बुलाया।” उन्होंने आगे बताया कि अधिकारी बाकी लोगों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनके कॉल्स का कोई जवाब नहीं मिल रहा था।

पुलिस ने आशीष से पूछे ये सवाल

आशीष चंचलानी ने आगे बताया, “मामला तब और गरम हो गया जब देवेंद्र फडणवीस ने न्यूज पर इसके बारे में बात की और कहा कि यह गलत है। जब सीएम बोलते हैं, तो पुलिस बहुत एक्टिव हो जाती है। वे इस बात से नाराज थे कि कोई कॉल्स का जवाब नहीं दे रहा था, इसलिए मुझे सबसे पहले जाना पड़ा। मेरे पापा ने भी कहा कि मुझे जाना चाहिए। मुंबई पुलिस काफी अच्छी और सहयोगी थी।”

आशीष ने यह भी कहा कि पुलिस को यूट्यूब की दुनिया समझाना अपने आप में एक बड़ा काम था। उन्होंने कहा, “हमें समझाना पड़ा कि यूट्यूब क्या होता है, कमेंट्स क्या होते हैं। सिर्फ ‘मेंबर्स ओनली’ समझाने में ही दो घंटे लग गए। फिर उन्होंने हर चीज पूछी- तुम समय रैना को कैसे जानते हो, उनसे कब मिले, अपूर्वा मुखीजा से कब मिले और रणवीर से कब मुलाकात हुई।”

आशीष ने माना कि शूटिंग के दौरान ही उन्हें कुछ गड़बड़ का एहसास हो गया था। उन्होंने कहा, “उस दिन मैंने अपनी टीम से कहा था कि रणवीर की बातों की वजह से मामला थोड़ा ज्यादा ही आगे बढ़ गया है, लेकिन ‘लेटेंट’ का फॉर्मेट ही ऐसा है कि वहां बेबाक बातें होती हैं, इसलिए मैंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।”

उन्होंने अगले दिन रणवीर को फोन भी किया। आशीष ने कहा, “मैंने उससे कहा कि हालात खतरनाक हो सकते हैं। उसने कहा कि हम तो बस वहां मजाक करने और मौज-मस्ती करने गए थे। एक-दो दिन बाद मैं इस बात को भूल गया।” हालांकि, उस एपिसोड में अपनी मौजूदगी को लेकर वह खुद भी पूरी तरह से सहज नहीं थे।

आशीष ने कहा, “मैं उस एपिसोड से खुश नहीं था। मैंने वहां ज्यादा कुछ बोला भी नहीं था। मैं तो बस समय की वजह से वहन गया था। वहां बैठकर मुझे अच्छा लगा, लेकिन मैं इस बात से खुश नहीं था कि मैं इतना चुप रहा और अपना बेस्ट नहीं दे पाया। मैंने तो यह भी सोचा था कि अगर मेरा वाला हिस्सा रिलीज न हो तो ही बेहतर होगा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ हो जाएगा। जब केस हुआ, तो मैंने भगवान का शुक्रिया अदा किया कि मैं चुप रहा था।”

यह भी पढ़ें: ’15 साल बाद समझ आया…’, पीयूष मिश्रा ने पत्नी के सामने कबूल किए थे एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स