भारतीय संगीत की दुनिया में कुछ नाम ऐसे हैं जो सिर्फ कलाकार नहीं, बल्कि एक युग बन जाते हैं और उन्हीं में से एक नाम दिग्गज गायिका आशा भोसले का भी था। गायिका ने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत बेहद कम उम्र में ही कर दी थी और उन्होंने अपनी आवाज से न सिर्फ पीढ़ियों को दीवाना बनाया, बल्कि हर दौर में खुद को नए अंदाज में ढालकर यह साबित किया कि असली कलाकार वक्त के साथ और निखरता है।

एक इंटरव्यू में आशा भोसले ने खुद बताया था कि उन्होंने अपना पहला गाना सिर्फ 10 साल की उम्र में रिकॉर्ड किया था। इसके अलावा गायिका ने लगभग 20 भाषाओं में 12000 से ज्यादा गाने गाए। उनके नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने अपने इंटरव्यू में क्या कहा था।

यह भी पढ़ें: पिता अमिताभ की फिल्म ‘दीवार’ के एक सीन ने बदली अभिषेक बच्चन की सोच, बताई इन बिजनेस में निवेश की असली वजह

10 साल की उम्र में गाया पहला मराठी गाना

एक बार आर भारत के साथ बात करते हुए आशा भोसले ने बताया था, “मैं 10 साल की थी और ये 1943 का था। ये पहला ही गाना मेरा था, जो माइक के साथ खड़े होकर गाना था। उस वक्त मैं बहुत कांप रही थी। मुझे पता ही नहीं था कि माइक क्या होता है। ये सब आया ही नहीं था कुछ कि माइक होता है और गाना गाते हैं ये सबकुछ। पिताजी ने रिकॉर्ड करके रखे थे अपने गाने। फिर जब पहला गाना मैंने गाया तो मुझे लगा कि मैं गा सकती हूं। दीदी सिर्फ ही गाती, मैं भी गा सकती हूं।”

इसके आगे उन्होंने कहा था, “मुझे लगा कि हमारे सब भाई-बहन गाते हैं। वहां से लाइफ शुरू हुई और वहां से आज तक खड़ी हूं। फिल्म लाइन का खड़ा होना ऐसा होता है कि आप 10 बजे स्टूडियो पहुंचे तो रात के 10 या 11 बजे आपको छोड़ते हैं। कभी-कभी 8 बजे सुबह छोड़ते हैं।”

20 भाषाओं में गाए 12 हजार से ज्यादा गाने

आशा भोसले ने 20 अलग-अलग भाषाओं के गानों को अपनी आवाज दी थी। बता दें कि इस लिस्ट में हिंदी, मराठी, पंजाबी, तमिल, अंग्रेजी, असमिया, उर्दू, तेलुगु, बंगाली, गुजराती, रशियन, जाइच, नेपाली और मलयालम जैसी भाषा शामिल थीं। उन्होंने 12 हजार से ज्यादा गाने गाए और उनके नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी रहा। सिर्फ इतना ही नहीं, आशा भोसले ने हर तरह के गाने को बखूबी गाया। उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर कव्वाली, कैबरे और पॉप तक हर जॉनर में हाथ आजमाया और सफल रहीं।

आशा भोसले ने इन गानों को दी आवाज

आशा भोसले ने ‘कारवॉ’ फिल्म का ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘डॉन’ फिल्म का ‘ये मेरा दिल’, ‘तीसरी मंजिल’ का ‘ओ हसीना जुल्फ़ों वाली’, फिल्म ‘एक मुसाफिर एक हसीना’ का ‘मैं प्यार का राही हूं’, ‘काश्मीर की कली’ फिल्म का ‘दिवाना हुआ बादल…, इशारों इशारों में’ जैसे गानों को गाया। गायिका की कला को सलाम करते हुए भारत सरकार ने भी उन्हें ‘पद्म विभूषण’ और ‘दादासाहेब फाल्के’ जैसे देश के सबसे बड़े नागरिक और सिनेमा सम्मानों से नवाजा गया था।

आशा भोसले का हुआ निधन

बता दें कि दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन हो गया है। उन्हें शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह उन्होंने 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। इस बात की जानकारी उनके बेटे आनंद भोसले ने पत्रकारों से बात करते हुए दी। सोमवार शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।