भारत की महान गायिका आशा भोसले के निधन से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। उनका रविवार 12 अप्रैल को 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आशा भोसले, जिन्होंने अपने जीवन में 12,000 से ज्यादा गाने गाए, जीवन को पूरी तरह जीने और अपने अंतिम वर्षों में मृत्यु को स्वीकार करने में विश्वास रखती थीं।
Asha Bhosle Death News Live Updates
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में संगीतकार शमीर टंडन ने उनके साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह उन्हें अपनी मां जैसा मानते थे। दोनों ने नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म पेज 3 के मशहूर गाने ‘कितने अजीब रिश्ते’ पर साथ काम किया था।
एएनआई से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि अपने आखिरी गानों में से एक की रिकॉर्डिंग के समय आशा जी ने कहा था कि वह अब जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया, “उनका एक आखिरी हिंदी गाना मैंने किया, जिसे मेरे दोस्त प्रसून जोशी ने लिखा था। उसके बोल थे: ‘जाने दो, जाने दो, खुद से मिलना है, जाने दो।’”
संगीतकार ने आगे बताया कि आशा भोसले इन गीतों से गहराई से जुड़ गई थीं। उन्होंने कहा, “वह कहती थीं कि अब बहुत हो गया, अब मुझे बहुत अच्छे तरीके से चले जाना है, खुद से मिलने जाना है।”
यह भी पढ़ें: आशा भोसले और लता मंगेशकर ने एक ही उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, आखिरी दिन दोनों बहनों के एक जैसे थे ये संयोग
कुछ साल पहले, अमृता राव और अनमोल के पॉडकास्ट कपल ऑफ थिंग्स में आशा भोसले ने अपनी आखिरी इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कहा था, “मेरी खुद की इच्छा है कि मैं गाते-गाते ही इस दुनिया से जाऊं। यही मेरी अंतिम इच्छा है। अब मुझे कुछ सीखना नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा , “गाना मेरी जिंदगी है। बचपन से गा रही हूं। 3 साल की उम्र से क्लासिकल सीखा, जो मेरे बाबा ने सिखाया। पूरी जिंदगी उसी में गुजर गई। फिल्म इंडस्ट्री में 82 साल हो गए हैं। अब मेरी यही इच्छा है कि गाते-गाते ही मेरा दम निकले। मुझे सबसे ज्यादा खुशी होगी अगर मैं गाते-गाते ही जाऊं।”
यह भी पढ़ें: ‘मुझे अपनी गाने की शैली बदलनी पड़ी’, बहन लता मंगेशकर से अलग पहचान बनाने के लिए आशा भोसले ने अपनाया था वेस्टर्न अंदाज
आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज, 13 अप्रैल को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोअर परेल स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। शाम 4 बजे शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
