मशहूर दिग्गज गायिका आशा भोसले को शनिवार शाम मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया था कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ है, लेकिन बाद में उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर साफ किया कि गायिका को बहुत ज्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, आशा भोसले के करीबी एक सूत्र ने ‘स्क्रीन’ को बताया कि उनकी हालत बेहतर है और वे ठीक हो रही हैं। फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने अभी तक दिग्गज गायिका की सेहत के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह सुनकर बहुत चिंता हुई कि आशा भोसले जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

यह भी पढ़ें: पिता अमिताभ की फिल्म ‘दीवार’ के एक सीन ने बदली अभिषेक बच्चन की सोच, बताई इन बिजनेस में निवेश की असली वजह

आशा भोसले की पोती ने किया पोस्ट

शनिवार रात को आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर उनके अस्पताल में भर्ती होने के बारे में एक बयान शेयर किया। जनाई ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मेरी दादी आशा भोसले को बहुत ज्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया। हम आपसे गुजारिश करते हैं कि आप हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें। उनका इलाज चल रहा है और हमें उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम जल्द ही कोई अच्छी खबर शेयर करेंगे।”

जनाई के इस पोस्ट पर सितारों ने भी कमेंट किया। नील नितिन मुकेश ने लिखा, “उनके जल्द ठीक होने की दुआएं करते हैं।” तनीषा मुखर्जी ने लिखा, “प्यार से हर जख्म भर जाता है। उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रही हूं।” अनुपम खेर ने कहा, “मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करूंगा।”

आशा भोसले ने दिए कई सदाबहार क्लासिक गाने

आशा भोसले बॉलीवुड की सबसे मशहूर गायिकाओं में से एक हैं। वह पिछले सात दशकों से भारतीय संगीत जगत में एक प्रमुख नाम बनी हुई हैं। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई सदाबहार गीत दिए हैं, जिनमें ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘आओ हुजूर तुमको’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘इन आंखों की मस्ती’ और ‘दिल चीज क्या है’ जैसे गाने शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: हॉरर सीरीज के हैं शौकीन, प्राइम वीडियो पर मौजूद ये टॉप शो देता है ‘द कॉन्ज्यूरिंग’ को टक्कर