19 मार्च को रिलीज हुई ‘धुरंधर: द रिवेंज’ सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में छाई हुई है। रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन स्टारर इस फिल्म की लोग तारीफ कर रहे हैं। साउथ और बॉलीवुड सितारे भी सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इन सबके अलावा कई लोग ऐसे भी हैं, जो इसे प्रोपेगेंडा मूवी बता रहे हैं। अब हाल ही में इस पर अपनी राय देने वालों में लोकसभा सांसद और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी का नाम भी शामिल हो गया है।

‘धुरंधर 2’ को लेकर क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी

टाइम्स नाउ के एक समिट में, जब ‘धुरंधर’ फिल्मों के बारे में असदुद्दीन ओवैसी से पूछा गया, तो उन्होंने सीधे-सीधे इसे बकवास बता दिया। एआईएमआईएम चीफ ने कहा, “पिक्चर है वो? तीन घंटे बकवास। मेरे पास तीन घंटे फिल्म देखने का टाइम नहीं है। मैं बस उम्मीद कर सकता हूं कि लोग मुझे एक घंटे तक बोलते हुए सुनें।

यह भी पढ़ें: भारत में 800 करोड़ कमाने से एक कदम दूर ‘धुरंधर 2’, दुनियाभर में कमाई 1200 करोड़ के पार

फिल्म में गाली-गलौज, हिंसा को बढ़ावा देने के अलावा और क्या है। तीन घंटे बाद यह आपको सोचने पर मजबूर कर देती है कि मुसलमानों को गाली देनी चाहिए या नहीं। यह सब देखने का टाइम किसके पास है?”

इसके बाद जब होस्ट ने फिल्म की ग्लोबल पॉपुलैरिटी की तरफ इशारा किया, तो ओवैसी ने हैदराबादी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हम हैदराबाद में बोलते हैं कि प्यारे, इन चीजों को दिल पे मत लो, मुर्दे पे लो। तो हम मुर्दे पर लेकर छोड़ देते हैं उसको।”

ध्रुव राठी ने भी की थी आलोचना

इससे पहले शुक्रवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी अपने एक वीडियो में आदित्य धर की इस फिल्म की आलोचना की थी। उन्होंने कहा, “धुरंधर 2 एक फिल्म नहीं, बल्कि बीजेपी का सबसे महंगा चुनावी विज्ञापन है, जिसे देखने के लिए आपको 500 रुपये देने पड़ेंगे।” सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को चापलूस भी कहा था।

ध्रुव ने यह भी आलोचना की कि फिल्म में असली घटनाओं को कैसे दिखाया गया है, खासकर नोटबंदी को लेकर। उनके मुताबिक, फिल्म 2016 की नोटबंदी को एक खास राष्ट्रीय सुरक्षा अभियान की तरह पेश करती है, जबकि इसके बड़े असर- जैसे आर्थिक परेशानी और नकदी की कमी से हुई मौतों को कम करके दिखाया गया। उन्होंने फिल्म के तरीके को ‘गैसलाइटिंग’ बताया। उन्होंने कहा, ‘जब इस तरह की गैसलाइटिंग बड़े पैमाने पर होती है… तो यह सिर्फ एक फिल्म नहीं रहती। यह एक हथियार बन जाती है।”

यह भी पढ़ें: ‘रणवीर सिंह तू क्या है यार’, पूरा थिएटर बुक करवाकर करण जौहर ने देखी Dhurandhar 2, आदित्य धर की तारीफों के बांधे पुल