टीवी की दुनिया में भगवान राम के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल अब एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। फिल्म ‘रामायण’ से उनका दशरथ के रूप में फर्स्ट लुक सामने आ गया है, जिसने फैंस के बीच एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।
राम के किरदार के बाद अब राजा दशरथ के अवतार में अरुण गोविल को देखना अपने आप में खास होने वाला है। फिल्म से सामने आए उनके लुक ने सोशल मीडिया पर भी चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। दर्शकों को ये लुक पसंद आ रहा है।
अरुण गोविल का दशरथ लुक रिवील
एक्टर अरुण गोविल जल्द ही नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ का हिस्सा बनने वाले हैं। फिल्म में इस बार वह भगवान राम के पिता दशरथ के किरदार में नजर आने वाले हैं। मेकर्स ने उनके लुक की पहली झलक फैंस के साथ साझा की।
अरुण गोविल सिंहासन पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर एक तेज, शांति और एक राजा की छवि साफ नजर आ रही है। इस पोस्ट को साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा- “एक पीढ़ी के लिए उन्होंने राम को जीवंत कर दिया था। अब वे फिर लौट रहे हैं रामायण की दुनिया में, अयोध्या के राजा के रूप में। अरुण गोविल – राजा दशरथ के रूप में।”
आज भी राम के रूप में किया जाता है पसंद
जब भी रामायण की बात होती है तो दर्शकों के मन में रामानंद सागर की ‘रामायण’ में राम बने अरुण गोविल का चेहरा सामने आ जाता है। उन्होंने दर्शकों के दिल में एक खास जगह बना ली थी। अभी भी अरुण गोविल की राम के रूप में वह छवि दर्शकों के मन से बदलना काफी मुश्किल है। उम्मीद है कि निर्माता नमित मल्होत्रा की फिल्म रामायण से ये हो जाए।
यह भी पढ़ें- ‘राम भगवान हैं या इंसान?’, ‘रामायण’ की शूटिंग के दौरान रणबीर कपूर के सवाल पर कुमार विश्वास ने दिया सटीक जवाब
फिल्म ‘रामायण’
करीब 4000 करोड़ रुपये में बनकर तैयार होने वाली फिल्म ‘रामायण’ का पहला पार्ट इस दीवाली रिलीज होने के लिए तैयार है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायण को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुके डीएनईजी और मॉन्सटर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है।
फिल्म में राम के किरदार में रणबीर कपूर नजर आने वाले हैं और सीता के किरदार में साउथ एक्ट्रेस साईं पल्लवी नजर आएंगी। फिल्म में कई बड़े कलाकारों को शामिल किया गया है।
हनुमान के किरदार सनी देओल, रावण के किरदार में साउथ सुपरस्टार यश, लक्ष्मण के रोल में टीवी एक्टर रवि दुबे नजर आएंगे। इन सभी के अलावा फिल्म में और भी कई शानदार कलाकार नजर आने वाले हैं। फिल्म का दूसरा पार्ट अगले साल दीवाली पर रिलीज होगा।
