हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया और गानों में फैल रहे आपत्तिजनक कंटेंट पर सख्त रुख अपनाते हुए सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने/वीडियो ‘टटेरी’ (Tateeree) को लेकर एफआईआर दर्ज की है। साथ ही बादशाह के देश छोड़कर जाने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए भी नोटिस भेजे हैं।

आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर दर्ज हुआ केस

पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में 6 मार्च 2026 को एफआईआर नंबर 28 दर्ज की गई है। यह मामला आईपीसी की धारा 296 और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वूमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट 1986 की धारा 3 और 4 के तहत दर्ज हुआ है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो में नाबालिग लड़कियों को स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाया गया है, जो स्कूल बैग फेंककर पढ़ाई से भागती नजर आती हैं। गाने में “बादशाला” जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी ऐसे तरीके से किया गया है, जिससे स्कूल और पढ़ाई के माहौल को गलत तरीके से दिखाया गया है। इसके अलावा गाने में महिलाओं और लड़कियों के लिए आपत्तिजनक शब्द भी इस्तेमाल किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: ‘आई लव यू’, अहान पांडे ने अवॉर्ड शो में अनीत पड्डा को किया प्रपोज, रील से रियल लाइफ में हिट हुई ‘सैयारा’ की जोड़ी

हरियाणा रोडवेज बस और स्कूल लोकेशन की जांच

जांच में यह भी सामने आया है कि वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बस को वीडियो में दिखाने के लिए विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति बस का इस्तेमाल किया गया है, तो जिम्मेदार लोगों पर धारा 120-B (आपराधिक साजिश) के तहत कार्रवाई हो सकती है।

इसके अलावा वीडियो में एक सरकारी स्कूल का कैंपस भी दिख रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वहां शूटिंग के लिए संबंधित अधिकारियों से परमिशन ली गई थी या नहीं।

पुलिस ने भेजा नोटिस, गिरफ्तारी की तैयारी

पंचकूला पुलिस ने बादशाह को तुरंत पेश होने के लिए नोटिस भेजा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। साथ ही पुलिस को शक है कि आरोपी देश छोड़कर जा सकता है, इसलिए LOC जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें: ‘कोई नहीं देख रहा ये फिल्म’, राहुल गांधी ने ‘The Kerala Story 2’ पर दी अपनी राय

यूट्यूब से हटाया गया गाना

पंचकूला पुलिस ने इस गाने को यूट्यूब से हटवा दिया है। इसके अलावा बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी वीडियो हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गाने से जुड़े रील्स और शॉर्ट वीडियो भी हटाने की कोशिश की जा रही है।

शेयर करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस ने साफ कहा है कि अगर कोई इस विवादित गाने से जुड़े रील या वीडियो बनाकर या शेयर करके आपत्तिजनक कंटेंट फैलाता है, तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।