एक्टर आयुष शर्मा ने 11 साल पहले सलमान खान की बहन अर्पिता खान से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं और वो अपना खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं। मगर आयुष शर्मा को सोशल मीडिया पर ये कहकर ट्रोल किया जाता है कि उन्होंने अर्पिता से बॉलीवुड में लॉन्च होने के लिए शादी की है। अब सालों बाद आयुष ने इस पर रिएक्शन दिया है।
लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में आयुष शर्मा ने कहा कि शुरुआत में ऐसे कमेंट्स उन्हें काफी परेशान करते थे, लेकिन अब उन्होंने इन बातों को नजरअंदाज करना सीख लिया है।
उन्होंने कहा, “शुरुआत में लोगों की बातें मुझे बहुत बुरी लगती थीं। लेकिन अब इनसे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारी शादी को 11 साल हो गए हैं। हमारा बेटा 10 साल का है और बेटी 6 साल की है। इन 11 सालों में मैंने सिर्फ तीन फिल्में की हैं और उनमें से कोई भी सुपरहिट नहीं रही। ऐसे में मेरे करियर और परिवार के बीच कोई संबंध नहीं है।”
आयुष ने आगे कहा कि लोग जो देखते हैं, उसी के आधार पर अपनी धारणा बना लेते हैं और वही धीरे-धीरे एक कहानी बन जाती है। उन्होंने कहा, “अगर मैं हर आरोप का जवाब देने लगूं, तो यह मेरी शादी का अपमान होगा। मुझे किसी को अपने रिश्ते का सबूत देने की जरूरत नहीं है।”
‘प्लेस्टेशन के लिए शादी की’ वाले मीम पर भी हंसे आयुष
आयुष शर्मा ने बताया कि हाल ही में उन्होंने अपने और अर्पिता को लेकर एक मीम देखा, जिसमें लिखा था, “लोग प्लेस्टेशन पाने के लिए क्या-क्या करते हैं।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “मुझे गुस्सा नहीं आया, बल्कि मैं हंस पड़ा। मेरा मन हुआ कि फोटो पोस्ट करके लिखूं कि मेरे पास तो PlayStation Pro है। लेकिन फिर मैंने सोचा रहने दो। लोगों का मुंह तो बंद नहीं कर सकते। सिर्फ मुझे ही नहीं, हर किसी को ट्रोल किया जाता है।”
उन्होंने एक और मजेदार किस्सा शेयर करते हुए कहा, “किसी ने लिखा था कि मेरी फिल्में नहीं चल रहीं, इसलिए मेरा और अर्पिता का तलाक हो जाएगा। मैंने जवाब दिया कि तलाक फिल्मों की वजह से नहीं होगा, बल्कि मेरे खराब जोक्स (PJs) की वजह से हो सकता है।”
आयुष ने कहा कि वह खुद को कभी बहुत गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा, “मैं बहुत बड़ा कार्टून हूं। शायद इसलिए मैं खुद भी इस बात पर मजाक कर लेता हूं कि मेरी कोई फिल्म नहीं चली। मुझे दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताना पसंद है। मैं अपने ग्रुप का सबसे बड़ा कॉमेडियन हूं।”
आज भी सलीम खान को ‘पापा’ नहीं कह पाते आयुष
इंटरव्यू में आयुष शर्मा ने ससुर और दिग्गज लेखक सलीम खान के साथ अपने रिश्ते पर भी बात की। उन्होंने बताया कि वह सलमान खान को सबकी तरह ‘भाई’ कहते हैं, लेकिन आज तक सलीम खान को ‘पापा’ या ‘डैड’ कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
उन्होंने कहा, “मेरे और सलीम साहब का रिश्ता अलग है। आज तक मैं उन्हें ‘डैड’ नहीं कह पाया। मैं उनका इतना बड़ा प्रशंसक हूं कि मेरे मुंह से सिर्फ ‘सलीम साहब’ ही निकलता है। वह एक महान इंसान हैं। ज्यादातर समय वही बोलते हैं और मैं सिर्फ जवाब देता हूं। ‘दीवार’, ‘शोले’ और ‘जंजीर’ जैसी फिल्मों का मैं बहुत बड़ा फैन हूं। उनके सामने हमेशा सिर झुक जाता है। मैंने कभी खुद से उनसे बातचीत शुरू नहीं की। मैं उन्हें एक अलग ही मुकाम पर देखता हूं।”
कौन हैं अर्पिता खान?
अर्पिता खान, सलीम खान और हेलन की गोद ली हुई बेटी हैं। अर्पिता की परवरिश सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा अग्निहोत्री के साथ हुई है।
अर्पिता और आयुष शर्मा की शादी 18 नवंबर 2014 को हैदराबाद के फलकनुमा पैलेस में शाही अंदाज में हुई थी। आयुष शर्मा राजनीतिक परिवार से आते हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के पोते हैं। आयुष और अर्पिता के दो बच्चे हैं-बेटा आहिल और बेटी आयत।
