इस वक्त छह एपिसोड की सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ काफी चर्चा में है। ये फिल्म 1999 के कारगिल वॉर में भारतीय वायुसेना की भूमिका पर आधारित है। इसमें कई ऐसे सीन दिखाए गए हैं, जो बेहद भावुक कर देने वाले हैं। मगर अब एक सीन को लेकर विवाद पैदा हो गया है। सेना के पूर्व अधिकारी और शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल वेंबु शंकर ने सीन को लेकर आपत्ति जताई है और उसे बदलने की मांग की है।

दरअसल ये विवाद तिरंगे को ताबूत पर दिखाने के तरीके को लेकर हुआ है। सीरीज में स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा की शहादत के बाद उनके ताबूत को साथी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर सी.एच. बाल रेड्डी और फ्लाइंग ऑफिसर राजपाल सिंह धालीवाल ले जाते हुए दिखाई देते हैं।

सेना के पूर्व अधिकारी और शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल वेंबु शंकर ने सोशल मीडिया पर सीरीज के इस सीन की तस्वीर शेयर की है। साथी ही आरोप लगाया कि तिरंगे को ताबूत पर सही तरीके से नहीं रखा गया है और यह भारत के ध्वज संहिता के अनुरूप नहीं है।

उन्हें क्यों है आपत्ति

उनकी आपत्ति के अनुसार, तिरंगे का केसरिया हिस्सा सिर की ओर होना चाहिए था। कर्नल वेंबु शंकर ने केवल इस कथित गलती की ओर ध्यान नहीं दिलाया, बल्कि निर्माताओं से तत्काल सुधार की मांग भी की है।

यह भी पढ़ें: Operation Safed Sagar Review: कारगिल की आसमानी जंग ने जीता दिल या नहीं? जानिए आलोचकों और जनता की राय

मेकर्स से की है कुछ मांगें

उन्होंने मांग की है कि सीन को डिजिटल रूप से ठीक किया जाए। सुधार होने तक सीरीज़ की स्ट्रीमिंग रोक दी जाए। निर्माताओं की ओर से मुख्यधारा के मीडिया के माध्यम से माफी मांगी जाए। उनका कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज और सैन्य शहीदों से जुड़े दृश्यों को विशेष सावधानी और सम्मान के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए।

क्या है ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की कहानी?

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में बताया गया है कि भारतीय वायुसेना ने LoC के पास भारतीय ठिकानों से पाकिस्तानी घुसपैठियों और सैनिकों को पीछे हटाने में कैसे मदद की। सीरीज में भारतीय सेना और वायुसेना के बीच युद्ध के दौरान हुए तालमेल को भी दिखाया गया है।

यह भी पढ़ें: ‘AK-47 की बैरल मेरे मुंह में घुसा दी’, कारगिल युद्ध में 8 दिन तक पाकिस्तानी कैद में रहे थे नचिकेता, खुद सुनाई थी खौफनाक आपबीती

इस सीरीज़ का निर्देशन ओनी सेन ने किया है। इसमें सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, दीया मिर्ज़ा, प्राजक्ता कोली, विजयंत कोली और अर्णव भसीन जैसे कलाकार नजर आते हैं। ये सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।