बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ गोवा में अपनी शादी का पंजीकरण करा लिया है।
पीटीआई के अनुसार, कपल ने उत्तरी गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की औपचारिकताएं पूरी कीं। दोनों ने स्थानीय कानून के तहत पहली और दूसरी सिग्नेचर के बीच अनिवार्य 15 दिनों की प्रतीक्षा अवधि को माफ कराने के लिए स्थानीय अदालत के असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से विशेष अनुमति ली थी।
सब-रजिस्ट्रार सूरज वेर्नकर ने बताया कि शादी गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर की गई। अर्जुन और गैब्रिएला शाम करीब 4 बजे कार्यालय पहुंचे और इस मौके पर दोनों कैजुअल लुक में नजर आए।
यह भी पढ़ें: पर्दे के पीछे: जब ‘धुरंधर’ में जिंदा हुआ 26/11 का दर्द, सन्नाटे में डूबा सेट, भावुक हुए अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स 2018 से रिलेशनशिप में हैं। यह रिश्ता अभिनेता के अपनी पूर्व पत्नी मेहर जेसिया से अलग होने के बाद शुरू हुआ था। दोनों ने 2019 में अपने पहले बेटे एरिक का स्वागत किया था। इसके चार साल बाद उनके दूसरे बेटे एरिव का जन्म हुआ। 2025 में अर्जुन ने गैब्रिएला के साथ अपनी सगाई की घोषणा की थी, यानी दोनों के डेटिंग शुरू करने के करीब छह साल बाद।
इससे पहले रणवीर अल्लाहबादिया के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अर्जुन ने बताया था कि दो बच्चों के माता-पिता होने के बावजूद उन्होंने गैब्रिएला से शादी क्यों नहीं की थी।
अभिनेता ने कहा था, “यह न तो मेरी वजह से है, न उसकी वजह से। शादी क्या है? आखिरकार एक कागज का टुकड़ा ही तो है। मुझे लगता है कि हम पहले से ही शादीशुदा हैं और मेरे मन में इसे लेकर कोई संदेह नहीं है। लेकिन कभी-कभी वह कागज का टुकड़ा आपको बदल भी सकता है। क्योंकि आपको लगता है कि यह रिश्ता स्थायी है, जबकि वास्तव में यह एक गलत धारणा है, लेकिन आप कानूनी रूप से बंध जाते हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ के इस अभिनेता ने नाइट क्लब के बिजनेस में आजमाया था हाथ, पुलिस छापेमारी के बाद करना पड़ा था बंद
उन्होंने आगे कहा था, “इससे एक-दूसरे के प्रति आपका रवैया बदल सकता है। मुझे लगता है कि हम दोनों ऐसा ही महसूस करते हैं। हमारे बीच जो कुछ भी हुआ, वह बहुत स्वाभाविक था। मैं इसके बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहता, क्योंकि मैं इसे नजर नहीं लगाना चाहता। मुझे नहीं लगता कि मुझे किसी को इसका जवाब देने की जरूरत है। हमारे लिए यह खूबसूरत है। आपको इसे तब तक महसूस करते रहना चाहिए, जब तक आप ऐसा कर सकते हैं। हम दोनों के मन में हम एक-दूसरे से शादीशुदा हैं। हम दोनों एक-दूसरे को सही दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं और साथ ही बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड भी हैं।” हालांकि, अर्जुन रामपाल ने यह भी स्पष्ट किया था कि वह शादी की संस्था के खिलाफ नहीं हैं।
