अर्जुन कपूर का इंस्टाग्राम अकाउंट खोलते ही अक्सर कमेंट बॉक्स में तीखे और मीन कमेंट्स नज़र आते हैं। लोग उनके नए पोस्ट का इंतज़ार करते हैं और जैसे ही कुछ अपडेट आता है, उनके अभिनय और फ्लॉप फिल्मों को लेकर ट्रोलिंग शुरू हो जाती है।

मगर अब ये मज़ाक की हद पार कर चुका है। लगातार ट्रोलिंग अर्जुन कपूर की मेंटल हेल्थ पर असर डालती दिखी है और शायद इसी वजह से इस बार तस्वीर कुछ अलग रही।

दरअसल, अर्जुन कपूर की मां का जन्मदिन था। इस मौके पर अभिनेता ने एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसका कैप्शन लोगों का दिल छू गया। उन्होंने लिखा-

“जन्मदिन मुबारक हो मां, आज आपकी बहुत याद आ रही है।
सच कहूं तो पिछला कुछ समय मेरे लिए काफी मुश्किल भरा रहा है, पर कोई बात नहीं… मैंने पहले भी चोटें खाई हैं, मैं फिर से उनका सामना करूंगा और फिर से उभरूंगा… क्योंकि आपने ही मुझे लड़ना सिखाया है- ज़िंदगी का डटकर सामना करना, और वो भी पूरी शालीनता और गरिमा के साथ।

हम इस मुश्किल दौर से साथ निकलेंगे, आप और मैं।
मैं आपसे जल्द ही दोबारा मिलूंगा और फिर किसी दिन हम आपका जन्मदिन साथ मनाएंगे।

आपका लाडला बेटा,
अर्जुन”

इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया का माहौल बदला हुआ नजर आया। जहां आमतौर पर अर्जुन कपूर के पोस्ट्स पर निगेटिव कमेंट्स की भरमार रहती है, वहीं इस बार लोगों ने उन्हें सपोर्ट किया।

कई यूजर्स ने कमेंट कर कहा कि वे पहले उन्हें ट्रोल करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं करेंगे। कुछ लोगों ने उनकी पिछली फिल्मों में उनके अभिनय की तारीफ भी की। वहीं एक यूजर ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में लिखा— “आज कुछ नहीं बोलूंगा, आज रेस्ट डे है।”

एक यूजर ने लिखा- ”आज कोई ट्रोलिंग नहीं हो रही है, चलो अब आगे से इसे कंटिन्यू करते हैं।”

ऐसा लग रहा है लोग अर्जुन कपूर के दर्द को समझ रहे हैं और मान रहे हैं कि आगे से उन्हें ट्रोल करने के बजाय इंसानियत दिखानी चाहिए।