अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा करके सबको चौंका दिया। सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का गाना ‘मातृभूमि’ उनका आखिरी फिल्मी गाना बन गया है। आपको बता है जब साल 2016 में सलमान की फिल्म ‘सुल्तान’ के गाने ‘जग घूमेया’ को लेकर अरिजीत का विवाद हुआ था और उसी दौर में उन्होंने रिटायरमेंट का इशारा तक दे दिया था।
मंगलवार शाम अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर अचानक ऐलान कर पूरे म्यूज़िक इंडस्ट्री और फैंस को चौंका दिया। उन्होंने लिखा, “मैं खुशी के साथ ऐलान करता हूं कि अब मैं बतौर प्लेबैक सिंगर कोई नया काम नहीं करूंगा। यह एक खूबसूरत सफर था।”
एक दशक तक बिना रुके चला अरिजीत का सफर
पिछले दस से ज़्यादा सालों में शायद ही कोई साल ऐसा रहा हो जब अरिजीत की आवाज़ के बिना बॉलीवुड अधूरा लगा हो। सिर्फ जनवरी 2026 में ही उनकी आवाज़ में छह गाने रिलीज़ हुए, जिनमें सलीम–सुलेमान का नॉन-फिल्म एल्बम Sukoon 2.0 भी शामिल है।
Arijit Singh Fees: एक ट्रैक के कितने करोड़? अरिजीत सिंह की फीस जानकर चौंक जाएंगे
फिल्मों की बात करें तो इस साल अरिजीत ने इक्कीस का ‘सितारे’, बॉर्डर 2 का रीक्रीएटेड ‘घर कब आओगे’, Gandhi Talks का ‘सुनहरी किरणें’ और विशाल भारद्वाज की O’Romeo का ‘हम तो तेरे ही लिए थे’ गाना गाया है। लेकिन इन सबके बाद जो गाना आख़िरी साबित हुआ, वो था ‘मातृभूमि’, जो अपूर्व लाखिया की आने वाली मिलिट्री ड्रामा ‘बैटल ऑफ गलवान’ में सलमान खान पर फिल्माया गया है।
2014: जब चरम पर था अरिजीत का सितारा
2014 अरिजीत सिंह का गोल्डन पीरियड था। उस साल उन्होंने एक के बाद एक सुपरहिट गाने दिए- ‘सुनो ना संगमरमर’, ‘मस्त मगन’, ‘मुस्कुराने’, ‘हमदर्द’, ‘समझावां’, ‘मनवा लागे’, ‘सुकून मिला’- लगभग हर सुपरहिट चार्ट पर सिर्फ़ एक ही नाम था: अरिजीत सिंह।
इसी साल सलमान खान एक अवॉर्ड शो होस्ट कर रहे थे, जहां अरिजीत को ‘तुम ही हो’ के लिए बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला। मंच पर अरिजीत को देखकर सलमान खान ने मजाक किया- “सो रहे थे क्या?” और अरिजीत के जवाब- “आप लोगों ने सुला दिया”। उस वक्त भले ही इस पर सबको हंसी आई हो, लेकिन यही आगे चलकर विवाद की जड़ बन गया।
अरिजीत सिंह ने क्यों तोड़ा करोड़ों फैंस का दिल? संन्यास की असली वजह अब आई सामने
‘सुल्तान’ के वक्त अरिजीत ने मांगी थी सलमान से सार्वजनिक माफ़ी
2016 में फिल्म सुल्तान के गाने ‘जग घूमेया’ को लेकर विवाद खुलकर सामने आया। सलमान की फिल्म से अरिजीत का गाना हटा दिया गया। जिसके बाद अरिजीत ने सलमान से सोशल मीडिया पर सार्वजनिक माफ़ी मांगते हुए लिखा- “मैंने कभी आपका अपमान नहीं किया… प्लीज़ मेरे गाने को फिल्म से मत हटाइए। मुझे इसी गाने के साथ रिटायर होने दीजिए।”
हालांकि बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दी गई, लेकिन इंटरनेट पर तूफान आ चुका था। बाद में अरिजीत का गाया वर्ज़न हटाकर राहत फ़तेह अली खान की आवाज़ वाला वर्ज़न फिल्म में रखा गया।
सालों बाद हुई सलमान और अरिजीत की सुलह
करीब 7 साल बाद, 2023 की फिल्म Tiger 3 में सलमान और अरिजीत की दोबारा जुगलबंदी हुई। ‘रुआँ’ और ‘लेके प्रभु का नाम’ गानों से यह रिश्ता फिर जुड़ा।
और आखिरकार Bigg Boss 19 के मंच पर सलमान ने खुद कहा- “अरिजीत और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं। वो मिसअंडरस्टैंडिंग मेरी तरफ से थी।”
इसके कुछ ही दिनों बाद ‘बैटल ऑफ गलवान’ का पहला गाना ‘मातृभूमि’ रिलीज़ हुआ, जिसे अरिजीत ने गाया है। गाने को Sameer Anjaan ने लिखा और Himesh Reshammiya ने कम्पोज़ किया है।
एक सर्कल हुआ पूरा
जिस गायक ने कभी सलमान खान से गुहार लगाई थी कि “मुझे इसी गाने के साथ रिटायर होने दीजिए”, उसी अरिजीत सिंह ने 12 साल बाद सलमान के ही गाने के साथ वाकई संन्यास ले गया। ऐसा लग रहा यह सिर्फ़ रिटायरमेंट नहीं है बल्कि एक अधूरी इच्छा का पूरा होना है। एक कलाकार का सर्कल पूरा होना है।
