मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने हाल ही में अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल और X पर यह ऐलान किया कि वह प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही न सिर्फ उनके फैंस, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग भी भावुक हो गए। सभी का कहना है कि फिल्मों में अब अरिजीत जैसी आवाज की कमी खलेगी। इसी बीच फिल्ममेकर और म्यूजिक कंपोजर विशाल भारद्वाज का भी रिएक्शन सामने आया है, उन्होंने अरिजीत से संन्यास वापस लेने को भी कहा है।
विशाल भारद्वाज ने अरिजीत के साथ लंबे समय तक काम किया है। दोनों की जोड़ी ने कई यादगार गाने दिए हैं। हाल ही में दोनों ने विशाल भारद्वाज की आने वाली फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ में भी साथ काम किया है, जिसका अरिजीत की आवाज में ‘हम तो तेरे ही लिए थे’ गाना पहले ही चार्टबस्टर बन चुका है।
अरिजीत के रिटायरमेंट की खबर के बाद विशाल भारद्वाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल रील शेयर की। इस वीडियो में विशाल एक गाने की स्क्रैच ट्रैक गाते नजर आ रहे हैं, जबकि अरिजीत वीडियो शूट करते हुए उनके साथ गुनगुनाते दिखते हैं। पोस्ट के कैप्शन में विशाल ने लिखा, “हे अरिजीत… कुछ दिन पहले जब हम इस गाने पर साथ जाम कर रहे थे, तब मुझे नहीं पता था कि यह तुम्हारे साथ मेरा आखिरी फिल्मी गाना होगा। यह नाइंसाफी है… #TakeBackYourSanyaas, यह स्वीकार्य नहीं है।”
यह भी पढ़ें: अरिजीत सिंह ने लिया संन्यास तो ‘गदर 2’ के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने लगाई ये गुहार
बता दें कि अरिजीत सिंह ने अपने संन्यास के बारे में बताया कि ये फैसला अचानक नहीं लिया गया है। अपने प्राइवेट X अकाउंट पर अरिजीत ने लिखा, “इसके पीछे एक नहीं, कई वजहें हैं। मैं काफी समय से ऐसा करने की कोशिश कर रहा था। अब जाकर सही हिम्मत जुटा पाया हूं।” अरिजीत ने अपनी क्रिएटिव बेचैनी के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह जल्दी बोर हो जाते हैं, इसी वजह से मंच पर एक ही गाने को अलग-अलग अंदाज में पेश करते रहते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘बॉर्डर 2’ के ‘घर कब आओगे’ से गायब था अरिजीत सिंह का पार्ट, Reddit के दावे पर भूषण कुमार ने कहा- बकवास
अब आ रही ये खबर
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अरिजीत सिंह अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू करने वाले हैं और भविष्य में चुनाव भी लड़ सकते हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ऐसा फिलहाल तुरंत नहीं होगा और 2026 के बंगाल विधानसभा चुनावों से इसका सीधा संबंध नहीं है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
