बॉलीवुड के महशूर सिंगर अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करते हुए यह ऐलान किया कि वह प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले रहे हैं। उनकी इस घोषणा ने कई लोगों का दिल तोड़ दिया। वहीं, सिंगर के इस फैसले को सुनने के बाद बी-टाउन के कई लोगों ने भी इस पर रिएक्ट किया और अपनी राय दी। अब प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक लाइव स्टेज शो किया।

अरिजीत सिंह ने रविवार को अनुष्का शंकर के साथ परफॉर्म किया, जहां भारी भीड़ मौजूद थी। जैसे ही अरिजीत मंच पर आए दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। सिंगर ने सितार वादक अनुष्का शंकर और मशहूर तबला वादक बिक्रम घोष के साथ करीब 20 मिनट तक परफॉर्म किया। उनकी यह जुगलबंदी दर्शकों को बेहद पसंद आई और पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।

यह भी पढ़ें: Kennedy Trailer Review: डार्क थ्रिलर से भरी है सनी लियोनी की फिल्म ‘कैनेडी’, राहुल भट्ट ने लूटी लाइमलाइट

क्या बोले अरिजीत सिंह

अरिजीत सिंह की परफॉर्मेंस के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुए। जैसे ही सितार वादक अनुष्का शंकर ने अरिजीत को स्टेज पर बुलाया, तो सिंगर ने भी वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। अरिजीत ने कहा, “मैं बहुत नर्वस हूं। मुझे बुलाने के लिए धन्यवाद।”

बता दें कि अरिजीत, अनुष्का और बिक्रम घोष ने साथ मिलकर “माया भोरा राती” पर एक शानदार परफॉर्मेंस दिया, जो एक बंगाली कंपोजिशन है जिसे मूल रूप से लक्ष्मी शंकर ने गाया था और लीजेंडरी पंडित रविशंकर ने कंपोज किया था।

अनुष्का शंकर ने कॉन्सर्ट का वीडियो शेयर किया

इसके बाद अनुष्का ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर इवेंट का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो शेयर करते हुए सितार वादक ने लिखा, “बाद में कहने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन फिलहाल मेरा दिल भरा हुआ है। एकमात्र अरिजीत सिंह को मेरे पिता का कम सुना गया बंगाली गीत जीवंत करते हुए सुनना और फिर कोलकाता के साथ हमारा नया संगीत साझा करना वाकई यादगार पल था।”

अरिजीत की परफॉर्मेंस पर फैंस की प्रतिक्रिया

यह वीडियो देखने के बाद लोगों ने भी इस पर अपना रिएक्शन देना शुरू किया। एक शख्स ने लिखा, “मुझे उम्मीद है कि वह फिर से प्योर क्लासिकल सिंगिंग में वापस आएंगे, हालांकि यह एक मुश्किल रास्ता है।” एक अन्य ने लिखा, “यही अरिजीत की खासियत है… प्योर टैलेंट।”

यह भी पढ़ें: ‘रामायण का हिस्सा कभी नहीं था’, राघव जुयाल से रिप्लेस होने की खबरों पर विक्रांत मैसी ने तोड़ी चुप्पी, बोले- फिल्म का हिस्सा…