बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री तृप्ति डिमरी जल्द एक साथ साजिद नाडियाडवाला और विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ रोमियो’ में नजर आने वाले हैं। उनकी यह मूवी इसी महीने फरवरी में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर बहुत से लोगों के बीच काफी एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। इसी एक्साइटमेंट को बरकरार रखते हुए अब मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘इश्क का फीवर’ रिलीज कर दिया है।
इस गाने का भी काफी इंतजार किया जा रहा था और इसकी वजह अरिजीत सिंह हैं। दरअसल, अरिजीत ने 5 दिन पहले ही यह ऐलान किया कि वह प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले रहे हैं और अब ऐसे मौके पर उनका नया गाना देख कर यूजर काफी खुश हो गए हैं। बता दें कि अरिजीत की आवाज में आए इस गाने को विशाल भारद्वाज ने कम्पोज किया है।
यह भी पढ़ें: ‘भगवान की भूमिका निभाने के लिए वैसा दिखना चाहिए’, अरुण गोविल ने रणबीर कपूर को लेकर कही ये बात
‘इश्क का फीवर’ गाना हुआ रिलीज
फिल्म ‘ओ रोमियो’ के अभी तक दो गाने आ चुके हैं, जिसमें से एक ‘हम तो तेरे ही लिए थे’ और दूसरा डांस नंबर ‘आशिकों की कॉलोनी’ रिलीज हुआ था। अब इसका तीसरा गाना ‘इश्क का फीवर’ भी आ गया है। इस गाने को अरिजीत ने आवाज दी है, तो इसके लिरिक्स गुलजार ने लिखे हैं। वहीं, गाने में शाहिद और तृप्ति की केमिस्ट्री भी काफी अच्छी लग रही है।
अब इस गाने को सुनने के बाद फैंस थोड़ा इमोशनल हो गए हैं। एक यूजर ने लिखा, “प्लेबैक सिंगिंग मत छोड़ो अरिजीत। दूसरे ने लिखा कि अरिजीत सिंह मास्टरपीस। तीसरे ने लिखा कि किंग ऑफ प्लेबैक सिंगिंग। इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी सिंगर पर अपना प्यार लुटाया।
कब रिलीज होगी मूवी
बता दें कि हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ पर बेस्ड यह फिल्म 13 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी जैसे शानदार कलाकार भी नजर आएंगे।
