बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह इस वक्त प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने को लेकर चर्चा में हैं। अरिजीत अपनी प्रोफेशनल लाइफ के बारे में हमेशा मुखर रहे हैं, लेकिन पर्सनल लाइफ को लेकर काफी प्राइवेट इंसान हैं। अरिजीत की जिंदगी में प्यार, जुदाई सब हुआ, लेकिन उन्होंने खुद को टूटने नहीं दिया। आज वो अपनी पत्नी के साथ एक खुशहाल जीवन बिता रहे हैं। मगर एक वक्त ऐसा था जब उनकी लाइफ में उथल पुथल हो गई थी, फिर उन्होंने अपनी दोस्त के साथ शादी की और घर बसाया। ये उनकी दूसरी शादी थी, इससे पहले उन्होंने लव मैरिज की थी, जो ज्यादा लंबी नहीं चल सकी।
अरिजीत सिंह को रियलिटी शो Fame Gurukul के दौरान अपनी को-कंटेस्टेंट रूपरेखा बनर्जी से प्यार हो गया था और दोनों ने साल 2013 में शादी की थी। मगर दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक टिक नहीं पाया। हालांकि दोनों में से किसी ने इस मुद्दे पर कभी कोई बात नहीं की, लेकिन रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कथित तौर पर शुरुआती करियर का दबाव, अस्थिरता और निजी मतभेदों के चलते दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगी थीं। कुछ ही सालों में दोनों का तलाक हो गया। माना जाता है कि यह दौर अरिजीत सिंह के जीवन का सबसे कठिन समय था, जिसे उन्होंने कभी खुलकर शेयर नहीं किया।
बचपन की दोस्त से रचाई दूसरी शादी
रूपरेखा से अलग होने के कुछ समय बाद ही खबर आई कि अरिजीत ने दूसरी शादी कर ली। कोयल रॉय, अरिजीत की बचपन की दोस्त हैं, जो पहले से शादीशुदा, एक बेटी की मां भी थीं। अरिजीत ने कोयल के साथ उनकी बेटी को भी अपनाया और साल 2014 में परिवार की मौजूदगी में शादी कर ली। अरिजीत सिंह और कोयल रॉय को शादी के बाद दो बेटे हुए। अब वह तीन बच्चों के माता-पिता हैं, लेकिन किसी का भी नाम दुनिया को नहीं बताया। क्योंकि गायक अपनी लाइफ को प्राइवेट रखना पसंद करते हैं।
यह भी पढ़ें: अरिजीत सिंह ने क्यों तोड़ा करोड़ों फैंस का दिल? संन्यास की असली वजह अब आई सामने
अरिजीत सिंह के सिंगिंग करियर को लगभग 20 साल हो गए हैं और अब उन्होंने ऐलान किया कि वो प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर हो रहे हैं। उन्होंने 27 जनवरी को इंस्टाग्राम और एक्स पर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “भगवान मेरे प्रति बहुत मेहरबान रहे हैं। मैं अच्छे संगीत का प्रशंसक हूं और आगे चलकर एक छोटे से कलाकार के तौर पर और सीखना चाहता हूं और अपने दम पर ज्यादा काम करना चाहता हूं। एक बार फिर आप सभी के सपोर्ट के लिए धन्यवाद। मेरे कुछ पुराने कमिटमेंट अभी बाकी हैं, जिन्हें मैं पूरा करूंगा, इसलिए इस साल आप मेरी कुछ रिलीज़ जरूर देख सकते हैं। साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि मैं संगीत बनाना बंद नहीं कर रहा हूं।”
यह भी पढ़ें: Arijit Singh Fees: एक ट्रैक के कितने करोड़? अरिजीत सिंह की फीस जानकर चौंक जाएंगे
इस खबर को सुनकर फैंस काफी निराश हो गए। जिसके बाद उन्होंने इस कदम के पीछे का कारण भी बताया। अरिजीत ने एक्स पर एक और पोस्ट करते हुए लिखा, “इस फैसले के पीछे कोई एक कारण नहीं है, कई वजहों के चलते मैं ये करने की कोशिश लंबे समय से कर रहा था। आखिरकार मैंने ऐसा करने की हिम्मत जुटाई और यह निर्णय ले लिया। एक कारण तो सबसे आसान यह है कि मैं जल्दी बोर हो जाता हूं, और इस वजह से मैं वही गाने अलग-अलग अरेंजमेंट्स के साथ परफॉर्म करता रहा। तो मुझे ऐसा करने में बोरियत हो गई है। इस वजह से अब मैं कुछ दूसरा म्यूजिक करने में रुचि रखता हूं, जिससे मैं जी सकूं।”
