एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह ने टीवी और बड़े पर्दे दोनों में अपना हाथ आजमाया। उन्होंने 80 के दशक में अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। उन्होंने टीवी सीरियल और फिल्मों दोनों में काम किया। लेकिन उनकी मानें तो उनका फिल्मी करियर अब तक उस मुकाम पर नहीं पहुंच पाया, जिसकी उन्हें उम्मीद थी।
‘द कपिल शर्मा शो’, ‘कॉमेडी सर्कस’ और ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ जैसे कई सफल कार्यक्रमों से घर-घर में पहचान बनाई है। कई फिल्मों में काम करने के बावजूद उन्हें अच्छे और दमदार रोल बहुत कम मिले।
अर्चना का कहना है कि 2012 में रोहित शेट्टी की फिल्म ‘बोल बच्चन’ में उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई थी। उस समय कई लोगों ने भविष्यवाणी की थी कि अब उन्हें फिल्मों के ढेरों ऑफर मिलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि टीवी की व्यस्त शूटिंग के कारण उन्हें कुछ फिल्में छोड़नी भी पड़ीं।
’10 साल तक एक भी फिल्म का ऑफर नहीं मिला’
न्यूज18 से बातचीत में अर्चना ने कहा, “‘बोल बच्चन’ रिलीज होने के बाद कई ट्रेड एनालिस्ट्स ने मुझे फोन कर कहा था कि अब मेरे पास फिल्मों की लाइन लग जाएगी। मैंने उनसे मजाक में कहा था कि पहला ऑफर आते ही मैं आपको फोन करूंगी। लेकिन 10 साल बीत गए और मुझे उन्हें फोन करने का मौका ही नहीं मिला। इन 10 सालों में मुझे एक भी फिल्म का ऑफर नहीं आया। हमारी इंडस्ट्री बहुत अजीब है।”
यह भी पढ़ें: अर्चना पूरन सिंह शाम 5 बजे कर लेती हैं डिनर, डाइटिशियन से जानिए शरीर पर इसका क्या पड़ता है असर
उन्होंने बताया कि ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ (2024) और ‘टोस्टर’ (2026) में उनके काम की सराहना होने के बावजूद हालात ज्यादा नहीं बदले। यहां तक कि उनके यूट्यूब व्लॉग्स भी काफी लोकप्रिय हैं, फिर भी अभिनय के अच्छे ऑफर नहीं मिल रहे।
अर्चना ने कहा, “मुझे ब्रांड एंडोर्समेंट के ऑफर तो मिलते हैं, लेकिन एक्टिंग के ऑफर अब भी नहीं आ रहे। ‘टोस्टर’ के बाद भी ऐसा नहीं हुआ कि मेरे पास फिल्मों की बाढ़ आ गई हो। मैं फिर से सभी फिल्ममेकर्स से कहना चाहती हूं कि मैं अभिनय करना चाहती हूं। लेकिन हमारी इंडस्ट्री का तरीका अलग है और शायद यही सच है।”
टीवी की व्यस्तता भी बनी वजह
अर्चना का मानना है कि कई फिल्म निर्माता यह सोचकर उन्हें फिल्मों में कास्ट नहीं करते थे कि वह टीवी शो में व्यस्त रहती हैं और डेट्स नहीं दे पाएंगी। उन्होंने कहा, “इसके कई कारण हो सकते हैं। बहुत से फिल्ममेकर्स को लगता था कि मैं कॉमेडी शो में व्यस्त हूं, इसलिए समय नहीं निकाल पाऊंगी। सच यह भी है कि टीवी शो के दौरान जो कुछ फिल्में मिलीं, उन्हें भी मैं नहीं कर सकी। मैं 15 दिनों के लिए स्कॉटलैंड जाकर शूटिंग नहीं कर सकती थी।”
इन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं अर्चना
अर्चना पूरन सिंह ‘जलवा’ (1987), ‘अग्निपथ’ (1990), ‘सौदागर’ (1991), ‘शोला और शबनम’ (1992), ‘राजा हिंदुस्तानी’ (1996), ‘कुछ कुछ होता है’ (1998), ‘मोहब्बतें’ (2000), ‘मस्ती’ (2004), ‘कृष’ (2006), ‘लव स्टोरी 2050’ (2008), ‘दे दना दन’ (2009), ‘हाउसफुल 4’ (2019) और ‘नादानियां’ (2025) जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
अब किस प्रोजेक्ट में आएंगी नजर?
अर्चना पूरन सिंह अब अमेजन प्राइम वीडियो की वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में नजर आएंगी। हिमांक गौर के निर्देशन में बनी इस सीरीज में के.के. मेनन, नवीन कस्तूरिया, देवेन भोजानी और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज 24 जुलाई को प्रीमियर होगी।
