म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान के बेटे एआर अमीन का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें वह बाल-बाल बचे। रविवार देर रात उनकी कार चेन्नई में फ्लाईओवर पर दूसरी गाड़ी से टकरा गई। अमीन के साथ उनके दोस्त भी थे। फिलहाल दोनों ठीक हैं और किसी को भी ज्यादा चोट भी नहीं आई है। बताया जा रहा है कि ये घटना चेन्नई के गुइंडी के ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास की है।
अस्पताल से मिली अमीन को छुट्टी
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, एआर अमीन सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अपने दोस्त के साथ कार से सफर कर रहे थे। दोनों गुइंडी की तरफ जा रहे थे, तभी दूसरी साइड रोड से आ रही कैब ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, अमीन और उनके दोस्त को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद अमीन और उनके दोस्त को कौवेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का मामूली चोटों के लिए इलाज किया गया। इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और वे घर लौट गए। वहीं, कैब में सवार एक यात्री को भी चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए कलैग्नर सेंटेनरी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें भी छुट्टी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि अमीन खुद अपनी पोर्श कार को ड्राइव कर रहे थे। अब अडयार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल दोनों गाड़ियों को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे की पूरी परिस्थिति की जांच कर रही है और आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आ सकती है।
प्लेबैक सिंगर के तौर पर बना रहे पहचान
एआर अमीन लगातार प्लेबैक सिंगर के तौर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं और अपने परिवार की म्यूजिकल विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ के तमिल वर्जन के गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ को अपनी आवाज दी थी। इसके अलावा वह जसलीन रॉयल और दुलकर सलमान के साथ इंडिपेंडेंट ट्रैक ‘भीगी भीगी’ में भी नजर आए थे।
यह भी पढ़ें: ‘मुझे इसमें मजा आता है’, रवि किशन ने अपने ऊपर बन रहे मीम्स पर तोड़ी चुप्पी, कहा- मुझमें अल पचीनो से लेकर…
